पटनायक ने कांटाबांजी विस सीट से दाखिल किया नामांकन पत्र
02-May-2024 10:47 PM 5673
भुवनेश्वर, 02 मई (संवाददाता) ओडिशा के मुख्यमंत्री एवं बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने गुरुवार को यहां की कांटाबांजी विधानसभा सीट के लिये अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। श्री पटनायक ने इससे पहले 30 अप्रैल को विधानसभा सीट हिंजिली के लिए नामांकन दाखिल किया था, जहां से वह 2000 के विधानसभा चुनाव के बाद से लगातार पांच बार चुनाव जीत चुके हैं। बीजद अध्यक्ष हाई स्कूल मैदान में एक अस्थायी हेलीपैड पर पहुंचे और 5टी के अध्यक्ष वीके पांडियन, वरिष्ठ बीजद नेता एयू सिंहदेव और राज्य वाणिज्य एवं परिवहन मंत्री तुकुनी साहू के साथ अपना नामांकन दाखिल करने के लिए टिटलागढ़ उप-कलेक्टर कार्यालय गये। बीजद अध्यक्ष ने 2019 के विधानसभा चुनाव के दौरान दो विधानसभा सीट अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र हिंजिली और पश्चिमी ओडिशा में बीजेपुर विधानसभा सीट के लिये भी नामांकन दाखिल किया था। बाद में, उन्होंने हिंजिली सीट बरकरार रखी और बीजेपुर विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था। कांटाबांजी विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व वर्तमान में कांग्रेस विधायक संतोष सिंह सलूजा कर रहे है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^