घमंडिया गठबंधन के आधे नेता बेल पर, आधे जेल में : नड्डा
02-May-2024 10:47 PM 5331
अररिया/मुजफ्फरपुर 02 मई (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया गठबंधन) को एक बार फिर घमंडिया गठबंधन करार दिया और कहा कि भ्रष्टाचारियों के इस कुनबे के आधे नेता बेल पर और आधे जेल में हैं। श्री नड्डा ने गुरुवार को अररिया और मुजफ्फरपुर संसदीय क्षेत्र से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवारों के पक्ष में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि घमंडिया गठबंधन भ्रष्टाचारियों का कुनबा है। इसके आधे नेता बेल (जमानत) पर बाहर हैं और आधे नेता जेल में हैं। उन्होंने कांग्रेस पर सनातन विरोधी लोगों के साथ खड़े होने का आरोप लगाते हुए कहा कि ये वो लोग हैं, जो भगवान राम को नहीं मानते हैं। इन लोगों को राम मंदिर से परेशानी थी लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर बनवाया। यह हमारी सरकार की उपलब्धि है कि उच्चतम न्यायालय के निर्णय के बाद अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बनाया जा सका। भाजपा अध्यक्ष ने कन्हैया कुमार को दिल्ली संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार बनाये जाने को लेकर कांग्रेस पर देश के टुकड़े-टुकड़े करने की सोच रखने वाले को चुनाव लड़ने के लिए टिकट देने का आरोप लगाया और कहा, “कांग्रेस अफजल समर्थकों के साथ खड़ी है। अफजल को उच्चतम न्यायालय ने सजा दी और तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने उसे माफी नहीं दी, फिर भी कांग्रेस ‘अफजल हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं’ का नारा लगाने वालों के साथ खड़ी है।” श्री नड्डा ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का अर्थ समझाया और इसे ‘रिश्वतखोर जंगलराज दलदल’ करात देते हुए कहा कि राजद के ‘र’ का मतलब रिश्वतखोर, ‘ज’ का अर्थ जंगलराज और ‘द’ का मतलब दलदल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 10 साल से देश की सेवा कर कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य गरीब कल्याण और सुशासन है वहीं राजद और कांग्रेस है, जो परिवार कल्याण करके देश को कुशासन की ओर ले जाएगी। भाजपा अध्यक्ष ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनवाते हुए कहा कि कोरोना के वक्त अमेरिका भी समझ नहीं पाया कि लॉकडाउन लगाए या हटाएं लेकिन प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कड़ाई से लॉकडाउन लगाया और सब ठीक होने के बाद उसे हटाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-राजद के लोग कोरोना वैक्सीन को लेकर सवाल उठा रहे थे। लेकिन, सच्चाई यह है कि ये लोग देश के आम लोगों को गुमराह करते रहे और खुद चुपचाप जाकर वैक्सीन लगवा रहे थे। श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का तेजी से विकास हो रहा है। देश की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान से आज पांचवें स्थान पर आ चुकी है। यदि श्री नरेंद्र मोदी को जिताएंगे तो दो साल बाद भारत दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि आज 97 प्रतिशत मोबाइल भारत में बन रहे हैं। आज भारत में बनी दवाइयां दुनिया में सबसे सस्ती और विश्वसनीय है। कोरोना जैसी महामारी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुशलता ने 140 करोड़ देशवासियों को बचाया। पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^