युवा जागरण पर निकले बिहार के पदयात्री विजय कुमार का दिल्ली में स्वागत
28-Dec-2022 10:47 PM 4312
नयी दिल्ली, 28 दिसंबर (संवाददाता) युवाओं को जागृत करने के लिए सम्पूर्ण भारत की पैदल यात्रा कर दिल्ली पहुंचे बिहार के समाजसेवी विजय कुमार का बुधवार को यहां पहुंचने पर गांधी शांति प्रतिष्ठान में अभिनंदन किया गया। गांधी पीस फाउंडेशन के सचिव अशोक कुमार ने अपने अभी कर्मियों एवं सहयोगियों के साथ श्री विजय कुमार का अभिनंदन किया। इस मौके पर श्री अशोक कुमार ने कहा कि श्री विजय कुमार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की स्मृतियां ताजी की हैं। श्री अशोक कुमार ने कहा कि राष्ट्रपिता ने भी अपने शुरुआती दिनों में ऐसा ही किया था, जैसा आज बिहार के समाजसेवी विजय कुमार कर रहे हैं। इनके कार्यों को भी देश सदैव याद करेगा। युवाओं के हित और देश में व्यवस्था परिवर्तन के लिए पूरे देश का पैदल यात्रा करना एक मुुश्किल कार्य है, जिसे समाजसेवी ने पूरा किया है। श्री विजय कुमार ने इस मौके पर पूरे देश भ्रमण में जो कुछ देखा और महसूस किया उसका यात्रा वृतांत लोगों को सुनाया। उन्होंने बारी-बारी से पूर्वोत्तर राज्यों के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों में हालात का, ग्रामीण क्षेत्रों देश की शिक्षा व्यवस्था, सामाजिक व्यवस्था, कृषि व्यवस्था और युवाओं की दयनीय अवस्था और व्याप्त भ्रष्टाचार का चित्रण अपने यात्रा वृतांत में किया। इस मौके पर समाजसेवी विजय कुमार के मार्गदर्शक सुनील कुमार सिन्हा ने उनके जीवन से जुड़े कई पहलुओं पर चर्चा की। वरिष्ठ पत्रकार सुभाष निगम ने समाजसेवी विजय कुमार की सादगी भरी यात्रा की सराहना की। पत्रकार एवं नेता श्याम सुंदर ने उनके उन सामाजिक कार्य और लावारिस व्यक्तियों के दाह संस्कार जैसे कार्यों का जिक्र करके उनकी सराहना की। उल्लेखनीय है कि 26 जनवरी को बिहार की राजधानी पटना से चले समाजसेवी विजय कुमार भारत की पैदल यात्रा करके 335 दिनों के बाद दिल्ली पहुंचे। उन्होंने 26 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का भ्रमण करते हुए लगभग 16000 किलोमीटर की पैदल यात्रा की है और देश के युवाओं को जागृत करने का काम किया है। वह देश के राज्यों से एकत्र की गई मिट्टी देश को समर्पित भी करेंगे। श्री विजय कुमार गुरुवार को राजघाट स्थित राष्ट्रपिता की समाधि स्थल पर बैठकर अपनी आत्मशुद्धि करेंगे और इस दौरान कुछ भी खान-पान नहीं करेंगे। इसके बाद अगले दिन 30 दिसंबर को जंतर-मंतर पर धरना देंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^