स्वैन ने ली विस के प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ
14-Jun-2024 09:43 PM 3950
भुवनेश्वर, 14 जून (संवाददाता) बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ विधायक रणेंद्र प्रताप स्वैन ने शुक्रवार को ओडिशा विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ ली। ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की मौजूदगी में राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में श्री स्वैन को शपथ दिलाई। इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव पी के जेना, राज्यपाल के मुख्य सलाहकार संतोष कुमार सत्पथी, राज्यपाल के प्रधान सचिव शाश्वत मिश्रा और ओडिशा विधानसभा सचिव दशरथी सत्पथी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। ओडिशा विधानसभा के सूत्रों ने बताया कि सभी नवनिर्वाचित विधायकों को प्रोटेम स्पीकर द्वारा 18 और 19 जून को शपथ दिलाई जाएगी। अध्यक्ष पद के लिए चुनाव 20 जून को होगा। उल्लेखनीय है कि 147 सदस्यीय ओडिशा विधानसभा में 81 सदस्यों की ताकत वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रानपुर विधानसभा सीट से निर्वाचित सुरमा पाढ़ी को अध्यक्ष पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। श्री मांझी, दो उप मुख्यमंत्री, आठ कैबिनेट मंत्री और पांच स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों को राज्यपाल द्वारा 12 जून को शपथ दिलाई जा चुकी है। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 78 सीटें जीती हैं और बाद में चुने गए तीन निर्दलीय भाजपा में शामिल हो गए, जिससे पार्टी की ताकत 81 हो गई। बीजद ने 51 सीटों पर कब्जा किया। वहीं, कांग्रेस को 14 सीट जीतने में कामयाब रही है। इसके अलावा बोनाई विधानसभा क्षेत्र से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का एक उम्मीदवार चुना गया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^