04-Jul-2025 06:55 PM
6833
पुणे 04 जुलाई (संवाददाता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को यहां खड़कवासला में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में थोरेल बाजीराव पेशवा की प्रतिमा का अनावरण किया।
श्री शाह ने बाजीराव की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद कहा, “ पेशवा बाजीराव के स्मारक के लिए सबसे उपयुक्त स्थान खडकवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी है, जहां तीनों सेनाओं के सैनिक प्राथमिक प्रशिक्षण लेते हैं, वहां पर पेशवा बाजीराव की प्रतिमा स्थापित करने से हमारे भावी सैनिक उनके जीवन से प्रेरणा लेकर आने वाले वर्षों के लिए हमारी सीमाओं को मजबूत करेंगे।” यह प्रतिमा लगभग 13.5 फुट ऊंची है, जिसे चार हजार किलोग्राम कांस्य धातु से बनाया गया है। इस प्रतिमा को श्रीमठ थोरेल बाजीराव पेशवा प्रतिष्ठान द्वारा एनडीए को दान में दिया था।
केन्द्रीय गृह मंत्री दो दिनों तक ‘दक्कन की रानी’ में रहेंगे और आज दिन में पुणे में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
प्रतिमा के अनावरण के मौके पर मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री अजित पवार, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चन्द्रकांत पाटिल और केन्द्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर माहोल तथा अन्य मंत्री उपस्थित थे।
भारतीय जनता पार्टी की राज्य सभा सांसद मेधा कुलकर्णी ने मांग की है कि पुणे रेलवे स्टेशन का नाम महान थोरेल बाजीराव पेशवा के नाम पर रखा जाए, जिन्हें बाजीराव प्रथम के नाम से भी जाना जाता है।
गाैरतलब है कि थोरेल बाजीराव पेशवा 1720 से 1740 के बीच छत्रपति शाहू प्रथम के अधीन पेशवा थे और उन्हें उनकी सैन्य शक्तियों के साथ-साथ मराठा साम्राज्य के विस्तार के लिए भी जाना जाता है।...////...