संविधान की धज्जियां उड़ा रही है मोदी सरकार: मालविंदर सिंह कंग
07-May-2022 07:51 PM 3869
चंडीगढ़, 07 मई (AGENCY) आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई ने दिल्ली से गिरफ्तार किए गए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता तेजिंदरपाल सिंह बग्गा को नियमों को ताक पर रखकर छुड़ाने और राज्य में हिंसा भड़काने के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। पार्टी प्रवक्ता मालविंदर सिंह कंग ने आज यहां कहा कि भाजपा पंजाब में सांप्रदायिक हिंसा फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर के बनाये संविधान की जमकर धज्जियां उड़ा रही है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली पुलिस के बीच टकराव ने नफरत फैलाने वाले तजिंदर पाल सिंह बग्गा जैसे असामाजिक तत्वों को संरक्षण देने वाली भाजपा का असली चेहरा बेनकाब कर दिया है। भाजपा का ऐसे आरोपी की रक्षा करना बेहद शर्मनाक है। श्री कंग ने कहा कि श्री बग्गा के खिलाफ पहले से ही देश के कई राज्यों में अभद्र भाषा, दंगे भड़काने और लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने जैसे अनेक मामले दर्ज हैं। पंजाब में भी उसके खिलाफ विधानसभा चुनाव के दौरान सांप्रदायिक हिंसा फैलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बग्गा की गिरफ्तारी को लेकर पंजाब पुलिस ने नियम के अनुसार पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पंजाब पुलिस ने बग्गा के घर पांच बार नोटिस भेजा था, जब बग्गा द्वारा भेजे गए पांचों नोटिस में किसी भी नोटिस का जवाब नहीं दिया तो पंजाब पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने का कदम उठाया। उन्होंने कहा कि इस घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कांग्रेस उसी बग्गा का साथ दे रही है, जिसने पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी की व्यक्तिगत आलोचना की थी। इससे साबित होता है कि कांग्रेस और भाजपा दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^