हरियाणा में कांग्रेस के विकल्प के तौर पर पांव पसार रही है ‘आप’
08-May-2022 09:04 PM 6352
सिरसा 08 मई (AGENCY) हरियाणा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी व जननायक जनता पार्टी गठबंधन के कार्यकलापों से असंतोष जता रहे लोग विपक्षी दल कांग्रेस की ओर लम्बे समय से ताक रहे थे मगर कांग्रेस में गुटबंदी के कारण अब ऐसे लोगों ने आम आदमी पार्टी (आप) का दामन थामना शुरू कर दिया है। कांग्रेस द्वारा पार्टी का प्रदेश नेतृत्व बदल देने के बावजुद यह गुटबंदी थमने का नाम नहीं ले रही। जिससे धरातल से जुड़े छोटे-बड़े नेता व कार्यकर्ता पार्टी से विमुख होकर ‘आप’ का दामन थामने लगे हैं। थोड़े ही समय में कांग्रेस के दर्जनभर पूर्व मंत्री व विधायक आप का दामन थाम चुके हैं,जिससे ऐसे लगने लगा है कि हरियाणा में आप अब कांग्रेस के विकल्प के तौर पर उभरने लगी है। प्रदेश में बिजली व पेयजल किल्लत, बढ़ती बेरोजगारी,पेपर लीक,भ्रष्टाचार व बिगड़ी कानून व्यवस्था से व्यथित प्रदेश के लोग मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की बजाय अब आप की ओर ताकने लगे हैं। आप ने पंजाब चुनाव के बाद हरियाणा में सक्रियता बढ़ा दी है। राज्य सरकार के खिलाफ प्रदेश में आए रोज आम आदमी पार्टी रोड़ पर निकलकर रोष इजहार कर रही है। आप के कार्यक्रमों में कांग्रेस के कार्यक्रमों से कहीं ज्यादा भीड़ बढऩे लगी है जिससे लगने लगा है कि आप हरियाणा में कांग्रेस के विकल्प के तौर पर पांव पसार रही है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता का कहना है कि अब तक प्रदेश कांग्रेस की गुटबाजी से परेशान व ‘आप’ की नीतियों से प्रभावित होकर पूर्व मंत्री विजेंद्र कादियान,पूर्व मंत्री निर्मल सिंह,पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर,पूर्व विधायक बंता राम बाल्मिकी,पूर्व मंत्री कुलबीर सैनी,कपूर सिंह,पूर्व प्रदेश सचिव कुलदीप गदराना,बिल्लू कादियान,राजकुमार बाल्मिकी व चित्रा सरवारा सहित कई नेता आप का दामन थाम चुके हैं। नव मनोनीत अध्यक्ष को कांग्रेस के नेता स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। कांग्रेस जनता की आवाज बनने की बजाय पार्टी में एक दूसरे की आवाज बनकर रह गई है,जिससे प्रदेश की जनता स्वयं को असहाय महसूस कर रही है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस व अन्य दलों से जुड़े कई पूर्व मंत्री व विधायक पार्टी में शामिल होने को तत्पर हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा-जजपा का वजूद प्रदेश में मिटता जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आप को लेकर अंडर करेंट चल रहा था जो पंजाब चुनाव के बाद बाहर आ गया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^