नेपाली कांग्रेस और भाजपा के बीच बढ़ेगा संवाद, आदान प्रदान
01-Apr-2022 11:20 PM 5673
नयी दिल्ली 01 अप्रैल (AGENCY) सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और नेपाल में गठबंधन सरकार की अगुवाई कर रही नेपाली कांग्रेस हर स्तर पर खासकर युवा एवं महिला नेतृत्व के बीच नियमित संवाद और आदान प्रदान को बढ़ाने पर सहमत हो गये हैं। यह सहमति भाजपा के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और भारत की तीन दिन की यात्रा पर आज यहां पहुंचे नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा के बीच यहां भाजपा के केन्द्रीय कार्यालय में हुई बैठक में बनी। प्रधानमंत्री श्री देउबा के यहां दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर श्री नड्डा, भाजपा के महासचिव विनोद तावड़े और भाजपा में विदेश विभाग के प्रमुख विजय चौथाईवाले ने स्वागत किया। श्री देउबा के साथ उनकी पत्नी श्रीमती आरज़ू राणा देउबा के अलावा नेपाल के विदेश मंत्री नारायण खडका, ऊर्जा, जलसंसाधन एवं सिंचाई मंत्री सुश्री पुष्पा भुसाल, स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्री बिरोध खातीवाडा तथा कृषि एवं मवेशी विकास मंत्री महेन्द्र राय यादव भी थे। श्री देउबा की इस पहल को नेपाली कांग्रेस के विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भाजपा के बीच राजनीतिक संपर्क स्थापित करने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। नेपाली प्रधानमंत्री करीब आधे तक तक भाजपा कार्यालय में रुके। भाजपा ने अपनी विज्ञप्ति में कहा कि भाजपा अध्यक्ष ने नेपाली प्रधानमंत्री को पार्टी के ढांचे तथा कोविड महामारी के दौरान भाजपा द्वारा किये गये जनकल्याण के कार्यों के बारे में बताया। इसके साथ ही यूक्रेन में फंसे बच्चों के परिवारों के साथ यहां समन्वय में भाजपा कार्यकर्ताओं के योगदान की जानकारी दी। श्री नड्डा ने बातचीत में दोनों पार्टियों के बीच हर स्तर पर संवाद बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने छात्र जीवन में सड़क मार्ग से नेपाल की यात्रा और नेपाल से अपने लगाव के बारे में बताया। विज्ञप्ति के अनुसार श्री देउबा ने भाजपा अध्यक्ष को पार्टी कार्यालय में उन्हें आमंत्रित करने के लिए धन्यवाद दिया और यूक्रेन से नेपाली छात्रों को निकालने के लिए भी भारत के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि नेपाल में विभिन्न दलों की गठबंधन सरकार अच्छी तरह से चल रही है और भाजपा का गठबंधन सरकार चलाने का अनुभव उनके लिए एक अनुकरणीय उदाहरण है। श्री देउबा ने श्री नड्डा के उस सुझाव का समर्थन किया कि भाजपा एवं नेपाली कांग्रेस के बीच हर स्तर पर नियमित संवाद स्थापित करने की जरूरत है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^