नेहरू के बाद कांग्रेस ने केवल सहानुभूति लहर के कारण बनाई सरकार : सम्राट
12-Jun-2024 06:44 PM 6897
पटना 12 जून (संवाददाता) बिहार के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने आज कहा कि नेहरू युग के बाद कांग्रेस ने ज्यादातर सहानुभूति लहर के कारण केंद्र में सरकार बनाई वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विकास और लोगों के कल्याण के लिए किए गए कार्यों के आधार पर जनादेश मिला है। श्री चौधरी ने बुधवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि नेहरू युग के बाद कांग्रेस ने ज्यादातर सहानुभूति लहर के कारण देश में सरकार बनाई। उन्होंने कहा कि श्रीमती इंदिरा गांधी की हत्या के बाद उनके बेटे श्री राजीव गांधी प्रधानमंत्री बने क्योंकि उन्हें 1984 के लोकसभा चुनाव में उनकी मां की हत्या से उत्पन्न सहानुभूति की लहर के कारण भारी बहुमत मिला था। इसी तरह श्री राजीव गांधी की हत्या के बाद सहानुभूति के कारण ही वर्ष 1991 में कांग्रेस केंद्र की सत्ता में लौटी। भाजपा नेता ने कहा कि उनकी पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में 75 प्रतिशत अंक मिले। उन्होंने बिहार में राजग को कुल 40 में से 30 सीटें मिलने का भी जिक्र किया। उन्होंने बिहार में कम से कम 36 सीटें जीतने के तय लक्ष्य को हासिल करने की संभावनाओं का हवाला देते हुए कहा कि राजग को 90 प्रतिशत अंक मिलते तो स्थिति और बेहतर होती। श्री चौधरी ने कहा, "हम इस बात पर विचार करेंगे कि हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में राजग को अपेक्षित परिणाम क्यों नहीं मिले।” उन्होंने कहा कि वे पार्टी की हारी हुई सीटों के बारे में नेताओं और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने की कोशिश करेंगे। भाजपा नेता ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव की पुत्री रोहिणी आचार्य के सिंगापुर लौटने के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा कि उन्हें सारण में रहकर लोगों की सेवा करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि रोहिणी उनकी बहन जैसी हैं और उनके खिलाफ कोई व्यक्तिगत शिकायत नहीं है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^