मंत्रिमंडल ने ग्रुप कैप्टन शुक्ला और इसरो को बधाई दी
16-Jul-2025 10:41 PM 7594
नयी दिल्ली 16 जुलाई (संवाददाता) केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने एक्सिओम-4 मिशन की सफलता को ऐतिहासिक बताते हुए इसमें शामिल भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला तथा भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की टीम को एक प्रस्ताव पारित कर बधाई दी है। मंत्रिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया है कि यह मिशन विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देगा और इसने भारत को भविष्य के महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष मिशनों के लक्ष्य के एक कदम और करीब पहुंचा दिया है। भारत अब मानव अंतरिक्ष मिशन की बड़ी शक्तियों में से एक बनने की ओर अग्रसर है। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां हुई मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मंत्रिमंडल ने देश की इस महान उपलब्धि पर प्रस्ताव पारित कर ग्रुप कैप्टन का अभिनंदन किया। प्रस्ताव में कहा गया है कि मंत्रिमंडल इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए इसरो के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की पूरी टीम को हार्दिक बधाई देता है। उनकी निष्ठा, तपस्या और परिश्रम ने इस सपने को साकार किया। प्रस्ताव में कहा गया है, “ भारत आने वाले समय में गगनयान मिशन के जरिए और भी बड़े लक्ष्यों की ओर देख रहा है। हमने भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन का संकल्प भी लिया है। शुभांशु शुक्ला के मिशन की इस सफलता ने भारत को अपने इन लक्ष्यों के एक कदम और करीब पहुंचा दिया है। भारत अब मानव अंतरिक्ष मिशन की बड़ी शक्तियों में से एक बनने की ओर अग्रसर है।” ग्रुप कैप्टन शुक्ला भारत की अनंत आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करते हुए 15 जुलाई को अन्तरिक्ष यात्रा से सकुशल धरती पर लौटे हैं। ये समूचे देश के लिए गर्व, गौरव और उल्लास का अवसर है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^