मंत्री ने सड़क निर्माण विभाग में प्राक्कलन घोटाले के आरोप को किया खारिज
17-Mar-2022 10:20 PM 5446
पटना 17 मार्च (AGENCY) बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने राज्य में सड़कों और पुलों के निर्माण में प्राक्कलन घोटाले के आरोपों को आज सिरे से खारिज कर दिया। श्री नवीन ने गुरुवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए सड़क निर्माण विभाग की 5819.02 करोड़ रुपये की बजटीय मांग पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि राज्य में सड़कों और पुलों के निर्माण में विपक्ष द्वारा लगाए गए प्राक्कलन घोटाले के आरोप निराधार हैं। उन्होंने वर्ष 1990 से 2005 तक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सरकार के कार्यकाल में हुए घोटालों का परोक्ष संदर्भ देते हुए कहा की वह दिन चले गए जब काम केवल कागजों पर किया जाता था। मंत्री ने कहा कि बिहार में सड़कों और पुलों के निर्माण का प्राक्कलन योग्य इंजीनियरों द्वारा तैयार किया जा रहा है और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जैसे प्रमुख तकनीकी संस्थानों के विशेषज्ञों द्वारा प्रमाणित किया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्राक्कलनों की तैयारियों में किसी तरह की अनियमितता का कोई सवाल ही नहीं है। श्री नवीन ने कहा कि बिहार में वर्ष 2005 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनने से पहले तक सिंगल लेन सड़कें 91 प्रतिशत थीं जो पिछले 16 वर्षों में घटकर 41 प्रतिशत रह गई हैं। इसी तरह बिहार में इंटरमीडिएट लेन की सड़कें 6.25 प्रतिशत थीं जो अब बढ़कर 42 प्रतिशत हो गईं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले राज्य में चार से छह लेन की सड़कें अस्तित्व में नहीं थीं। बिहार में चार से छह लेन की सड़कों का नेटवर्क अब दो प्रतिशत है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^