ममता, बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन से दुखी
08-Aug-2024 04:35 PM 3517
कोलकाता, 08 अगस्त (संवाददाता) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं अनुभवी मार्क्सवादी नेता बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। सुश्री बनर्जी ने पूर्व मुख्यमंत्री के सम्मान में सरकारी कार्यालयों में छुट्टी की घोषणा की। वर्ष 2000 से 2011 के बीच मुख्यमंत्री रहे श्री भट्टाचार्य का दक्षिण कोलकाता स्थित अपने घर पर आज सुबह लगभग आठ बजकर 20 मिनट पर अंतिम सांस ली। वह 80 वर्ष के थे। उन्हें पिछले कुछ दिनों से हल्का बुखार था। वह बढ़ती उम्र से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित थे। सूत्रों ने कहा कि मुख्यमंत्री पाम एवेन्यू स्थित भट्टाचार्य के घर भी गईं। कई नेता भी भट्टाचार्य के घर गये। वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिमान तथा सभी क्षेत्रों के लोगों ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। सुश्री बनर्जी ने कहा,“ पूर्व मुख्यमंत्री के आकस्मिक निधन से स्तब्ध और दुखी हूं। मैं उन्हें पिछले कई दशकों से जानती हूं। पिछले कुछ वर्षों में जब वह बीमार थे और ज्यदातर अपने घर पर ही रहते थे, तब मैं उनसे मिलने गयी थी। दुख की इस घड़ी में मीरादी और सुचेतन के प्रति मेरी भावपूर्ण संवेदनाएं। मैं माकपा पार्टी के सदस्यों और उनके सभी अनुयायियों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं। हमने पहले ही निर्णय ले लिया है कि हम उनकी अंतिम यात्रा और संस्कारों के दौरान उन्हें पूरा सम्मान और औपचारिक सम्मान देंगे।” सूत्रों ने कहा कि पार्थिव शरीर को आज रात पीस वर्ल्ड ले जाया जाएगा और शुक्रवार सुबह अलीमुद्दीन स्ट्रीट स्थित माकपा मुख्यालय ले जाया जाएगा। एक रिपोर्ट के अनुसार श्री भट्टाचार्य ने चिकित्सा उद्देश्यों के लिए अपना शरीर दान देने की मंशा व्यक्त की थी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^