महाराष्ट्र में नेतृत्व नहीं बदलेगा: भाजपा
18-Jun-2024 11:19 PM 6276
नयी दिल्ली 18 जून (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय नेतृत्व ने महाराष्ट्र और झारखंड की कोर समितियों के साथ दोनों राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए तैयारियों की गहन समीक्षा की और तय किया कि महाराष्ट्र में वर्तमान नेतृत्व के साथ ही चुनाव में उतरेंगे। भाजपा के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में और गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में महाराष्ट्र की कोर कमेटी की बैठक के बाद राज्य भाजपा विधायक दल के नेता एवं उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, "आज महाराष्ट्र कोर टीम की केंद्रीय नेतृत्व के साथ बैठक हुई। हमने विशेष रूप से महाराष्ट्र में लोकसभा चुनावों के परिणामों पर चर्चा की। महायुति और महा विकास आघाड़ी के बीच वोटों का अंतर सिर्फ 0.3 फीसदी है इसलिए हमने चर्चा की कि हमने कहां वोट खोए, हमें कहां दिक्कतें आईं और क्या सुधारात्मक कार्रवाई करने की जरूरत है, इस पर विस्तार से चर्चा की। इसके अलावा हमने महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले अपनी रणनीति के खाके पर भी चर्चा की। हम जल्द ही हमारे राजग सहयोगियों के साथ विधानसभा के लिए चुनाव का अपना रोडमैप तैयार करेंगे।" महाराष्ट्र में नेतृत्व के बारे में एक सवाल पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने स्पष्ट रूप से कहा, "कोई बदलाव नहीं है। हमें महाराष्ट्र में मजबूत महायुति-राजग सरकार लानी है।" महाराष्ट्र कोर कमेटी की बैठक के बाद झारखंड की कोर कमेटी की बैठक हुई। इस बैठक के बारे में झारखंड के चुनाव सह प्रभारी असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा, "नवंबर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने उसी के संबंध में एक बैठक की अध्यक्षता की। इसमें क्या किया जाना है, इस पर चर्चा की गई।" उन्होंने कहा, "अगले पांच महीनों में झारखंड में लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली जीत ने हमें बहुत प्रेरित किया है और हमें उम्मीद है कि हम झारखंड में अपनी सरकार बनाने जा रहे हैं। गृह मंत्री श्री शाह और पार्टी अध्यक्ष श्री नड्डा जल्द ही राज्य का दौरा करेंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^