गैर भाजपा सरकारों में साम्प्रदायिक तनाव थी आम घटना: शर्मा
23-Dec-2021 11:44 PM 4467
शिकोहाबाद / फ़िरोज़ाबाद 23 दिसंबर (AGENCY) उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डा दिनेश शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले साढे चार साल में विकास की नई इबारत लिखी जबकि विपक्ष की सरकारों में जिलों में साम्प्रदायिक तनाव फैलना और कर्फ्यू लगना आम बात होती थी। भारतीय जनता पार्टी की जनविश्वास यात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुये डा शर्मा ने गुरूवार को कहा कि पहले गांवों में बिजली का आना खबर होती थी पर अब बिजली का जाना खबर बनती है। हर घर नल से पानी देना सरकार का संकल्प है। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अराजक तत्वों और साम्प्रदायिकता फैलाकर दंगे कराने वालों, तथा माँ-बहनों को अपमानित करने वालों के लिए अनुपयोगी हैं। यहां उपस्थित अपार जनसमूह संदेश दे रहा है कि विपक्ष एकजुट होकर भी भाजपा का मुकाबला नहीं कर सकता है। एक तरफ भाजपा है तो दूसरी ओर बाकी दलों का दलदल है। इस दलदल से बचकर रहना है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने कोरोना के समय में जनता की कोई मदद नहीं की है। अगर गूगल में सर्च भी किया जाए तो इनके किसी नेता की कोई फोटो कोरोना काल में जनता की मदद करते हुए नहीं मिलेगी। जब भाजपा के नेता कोरोना के समय में जनता की मदद कर रहे थे उस समय वे घरों में कोरनटाइन थे। वैक्सीन को लेकर भी झूठ फैलाने में विपक्ष पीछे नहीं रहा है। वैक्सीन को भाजपा की वैक्सीन तक कहा गया। आज यूपी में कोरोना काबू में है क्योंकि वैक्सीन ने प्रदेश के लोगों को सुरक्षित किया है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा सत्ता में नहीं थी तब विपक्ष तमाम तरह के तंज कसता था। कहा जाता था कि धारा 370 हटाई गई तो कश्मीर पाकिस्तान में मिल जाएगा। खून की नदियाँ बह जाएँगी । 70 साल की समस्या को 70 मिनट में सुधार दिया गया। लोग कहते थे मंदिर वहीं बनाएँगे पर तारीख़ नही बताएँगे । आज डबल इंजन की सरकार के रहते भव्य राम मंदिर बन रहा है। कश्मीर और अयोध्या में शान्ति बनी रही और परिंदा भी पर नहीं मार पाया। लाल चौक जहां पर तिरंगा फहराना सपना होता था वहां तिरंगा भी फहराया गया और वन्दे मातरम भी गाया गया। यही बदलता हुआ भारत है। आज काशी में 5 लाख स्क्वायर फीट से अधिक क्षेत्र में बाबा का भव्य कारीडोर बना है आज गंगा के घाटों पर भव्य देव दीपावली होती है। आज अयोध्या की भव्य दिव्य दीपावली वहीं दृश्य उत्पन्न करती है जो किताबों में पढा है। सरयू का तट दीपों से जगमगता है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^