भाजपा तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने के लिए अगला चुनाव एकजुट होकर लड़ेगी : समिक
02-Jul-2025 11:01 PM 7780
कोलकाता 02 जुलाई (संवाददाता) राज्यसभा सदस्य एवं पश्चिम बंगाल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए अध्यक्ष बनने वाले समिक भट्टाचार्य ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने के लिए 2026 का राज्य विधानसभा चुनाव एकजुट होकर लड़ेगी। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार के रूप में उभरे 61 वर्षीय पूर्व आरएसएस प्रचारक श्री भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा में कोई नया और पुराना पदाधिकारी नहीं है तथा पार्टी अगले साल के चुनाव एकजुट होकर लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। नए अध्यक्ष की आधिकारिक घोषणा कल होने की उम्मीद है। वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद गुरुवार को इसकी औपचारिक घोषणा करेंगे। श्री भट्टाचार्य केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल पिछले सितंबर में समाप्त हो गया था। इससे पहले श्री भट्टाचार्य ने कोलकाता के साल्ट लेक स्थित पार्टी कार्यालय में श्री मजूमदार और विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी की मौजूदगी में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। दिलचस्प तथ्य यह भी रहा कि नामांकन के आखिरी समय पर एक अन्य भाजपा नेता अंबुजाक्ष मोहंती ने भी नामांकन दाखिल किया। श्री मोहंती इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर पटाशपुर से चुनाव लड़ चुके हैं। श्री मोहंती का नामांकन हालांकि जांच के दौरान खारिज कर दिया गया, क्योंकि भाजपा के संगठनात्मक नियमों के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पर राज्य परिषद के दस सदस्यों का समर्थन होना चाहिए और उनके नामांकन पर आवश्यक दस हस्ताक्षर नहीं थे, जिसके कारण जांच प्रक्रिया के दौरान उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^