युवाओं ने दुनिया का भारत के प्रति नजरिया बदलाः मोदी
27-Apr-2025 01:39 PM 2756
नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (संवाददाता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि देश का युवा विज्ञान, तकनीक और नवाचार की ओर बढ़ रहा है और उसने दुनिया का भारत के प्रति नजरिया बदलने का काम किया है। श्री मोदी ने अपने मासिक कार्यक्रम मन की बात में आज कहा, "आज हम पूरी दुनिया में भारत के प्रतिभा की तारीफ होते देखते हैं। भारत के युवाओं ने भारत के प्रति दुनिया का नज़रिया बदल दिया है, और किसी भी देश के युवा की रुचि किस तरफ है, किधर है, उससे पता चलता है कि देश का भविष्य कैसा होगा। आज भारत का युवा विज्ञान, तकनीक और नवाचार की ओर बढ़ रहा है। " प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे इलाके, जिनकी पहचान पहले पिछड़ेपन और दूसरे कारणों से होती थी, वहां भी युवाओं ने ऐसे उदाहरण प्रस्तुत किये हैं, जो हमें, नया विश्वास देते हैं। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा का विज्ञान केंद्र आजकल सबका ध्यान खींच रहा है। कुछ समय पहले तक, दंतेवाड़ा का नाम केवल हिंसा और अशान्ति के लिए जाना जाता था, लेकिन अब वहाँ, एक साइंस सेंटर , बच्चों और उनके माता-पिता के लिए उम्मीद की नई किरण बन गया है। इस साइंस सेंटर में जाना बच्चों को खूब पसंद आ रहा है। वे अब नई–नई मशीनें बनाने से लेकर तकनीक का उपयोग करके नए उत्पाद बनाना सीख रहे हैं। उन्हें 3डी प्रिंटर्स और रोबोटिक कारों के साथ ही दूसरी नवाचार चीजों के बारे में जानने का मौका मिला है। उन्होंने कहा, "अभी कुछ समय पहले मैंने गुजरात साइंस सिटी में भी साइंस गैलरीज का उद्घाटन किया था। इन गैलरीज से ये झलक मिलती है कि आधुनिक विज्ञान की संभावना क्या है, विज्ञान हमारे लिए कितना कुछ कर सकता है। मुझे जानकारी मिली है कि इन गैलरीज को लेकर वहाँ बच्चों में बहुत उत्साह है। विज्ञान और नवाचार के प्रति ये बढ़ता आकर्षण जरूर भारत को नई ऊंचाई पर ले जाएगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^