यूक्रेन से छात्रों की वापसी अभियान में चार मंत्रियों को लगाना प्रधानमंत्री की बड़ी पहल : सुशील
28-Feb-2022 09:56 PM 2735
पटना 28 फरवरी(AGENCY) बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने आज कहा कि युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों की सुरक्षित और त्वरित वापसी के अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए यूक्रेन के चार पड़ोसी देशों में एक - एक केंद्रीय मंत्री को भेजने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फैसला अभूतपूर्व है। श्री मोदी ने सोमवार को ट्वीट कर कहा कि इससे पहले किसी आपदाग्रस्त देश से इतने बड़े पैमाने पर अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए इतना बड़ा अभियान नहीं चला था। उन्होंने कहा कि यूक्रेन जैसी विस्फोटक परिस्थिति में, जब कई देश अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी करने से ज्यादा कोई मदद नहीं कर पाये, भारत अब तक डेढ हजार से ज्यादा लोगों को वापस लाने में सफल रहा। भाजपा सांसद ने कहा कि अब केंद्रीय मंत्रियों को अभियान में लगाने की पहल देश को विश्वास दिलाती है कि जो भी छात्र वहां फंसे हैं, वे जल्द ही अपनों के बीच होंगे। उन्होंने आगे कहा, "भारतीय कूटनीति, तिरंगा झंडा और प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व दुनिया में कहीं भी रहने वाले भारतीय नागरिक की सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है।" श्री मोदी ने कहा कि यूक्रेन से लगने वाली रूसी सीमा के निकटवर्ती इलाकों में भी कुछ भारतीय रहते हैं, जो स्वदेश लौटना चाहते हैं। विदेश मंत्रालय को उनकी वापसी के लिए भी रास्ता बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यूक्रेन संकट के समय केंद्र और बिहार की सरकार छात्रों की वापसी के लिए 24 घंटे काम कर रही है। ऐसे में छात्रों और उनके परिजनों को धैर्य बनाये रखना चाहिए।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^