29-Dec-2024 07:25 PM
7799
नयी दिल्ली 29 दिसंबर (संवाददाता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से अलग-अलग भेंट की और उन्हें महाकुम्भ का निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और दिल्ली के उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को भी प्रयागराज में होने जा रहे महाकुम्भ-2025 के लिए आमंत्रित किया।
योगी आदित्यनाथ ने सभी विशिष्ट जनो को निमंत्रण पत्र के साथ ही महाकुम्भ 2025 का प्रतीक चिह्न, कलश, महाकुम्भ से जुड़ा साहित्य, नववर्ष का टेबल कैलेंडर और डायरी भी भेंट की।
अगले 13 जनवरी से 26 फरवरी 2025 तक प्रयागराज में होने जा रहे महाकुम्भ में विशिष्टजनों को आमंत्रण देने के लिए मुख्यमंत्री शनिवार को नयी दिल्ली पहुंचे थे। शनिवार को उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और मिजोरम के राज्यपाल जनरल वीके सिंह से मुलाकात की थी। उन्होंने सभी विशिष्टजनों को महाकुम्भ से संबंधित उपहार भी भेंट किए।
योगी आदित्यनाथ ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर विशिष्टजनों से भेंट की तस्वीर पोस्ट करते हुए समय प्रदान करने के लिए उनका आभार भी जताया।
उल्लेखनीय है कि महाकुम्भ प्रारंभ होने में अब कुछ ही समय शेष रह गया है। मुख्यमंत्री योगी और उनके मंत्री विभिन्न राज्यों में जाकर विशिष्ट और आमजनों को महाकुम्भ के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।...////...