वरुण धवन और आलिया भट्ट की फिल्म 'हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया' के प्रदर्शन के आठ साल पूरे
11-Jul-2022 09:03 PM 6762
मुंबई, 11 जुलाई (AGENCY) बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन और आलिया भट्ट की फिल्म 'हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया' के प्रदर्शन के आठ साल पूरे हो गये हैं। फिल्म 'हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया' के प्रदर्शन के आठ साल पूरे होने पर वरुण धवन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट साझा की हैं।तस्वीरों में वरुण आलिया के अलावा दिवंगत अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला भी नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में वरुण धवन और आलिया के अलावा सिद्धार्थ शुक्ला नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के साथ वरुण ने लिखा है, 'हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया के आठ साल पूरे हुए। कुछ शानदार लोगों के साथ शानदार यादें।' एक अन्य स्टोरी में उन्होंने फिल्म से एक छोटी सी वीडियो क्लिप साझा की है, इसमें आलिया और वह नजर आ रहे हैं। तीसरी स्टोरी में उन्होंने फिल्म से अपना फोटो साझा किया है। वहीं, चौथी स्टोरी में वरुण ने पूरी टीम के साथ वाली एक तस्वीर साझा की है। इसे साझा करते हुए वरुण ने शशांक खेतान का शुक्रिया अदा किया है। साथ ही उन्होंने सिद्धार्थ शुक्ला को भी याद किया है। वरुण धवन ने सिद्धार्थ को याद करते हुए लिखा है, 'हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया के आठ साल पूरे...मिस यू सिड। अभी भी यकीन नहीं होता कि तुम अब हमारे साथ नहीं हो।' इसके अलावा वरुण ने करण जौहर, शशांक खेतान, आलिया भट्ट और अन्य सदस्यों का भी आभार जताया है। करण जौहर के लिए वरुण धवन ने लिखा है,' करण मेरे दोस्त/पिता/ गाइड आपको बेशुमार प्यार।' गौरतलब है कि शशांक खेतान द्वारा निर्देशित कॉमेडी फिल्म 'हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया' धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले प्रोड्यूस की गई थी। इस फिल्म में वरुण ने राकेश हम्प्टी कुमार शर्मा का किरदार अदा किया था। वहीं आलिया ने काव्या प्रताप सिंह का रोल अदा किया। सिद्धार्थ शुक्ला इस फिल्म में एक एनआरआई अंगद बेदी बने थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^