त्रिपुरा कांग्रेस मुख्यालय सहित अन्य कार्यालयों पर हमला, प्रदेश अध्यक्ष घायल
26-Jun-2022 11:08 PM 1631
अगरतला 26 जून (AGENCY) त्रिपुरा की चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम रविवार को घोषित किए गए, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बंपर जीत मिली। चुनाव परिणाम घोषित होने के कुछ घंटे बाद त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर हमला किया गया। कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में तोड़फोड़ की, जिससे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बिरजीत सिन्हा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। श्री सिन्हा के पेट में चोट लगी है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना के बाद राज्य के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भाजपा समेत सभी राजनीतिक दलों के समर्थकों से राज्य में शांति बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने पुलिस से कानून को ध्यान में रखते हुए स्थिति से सख्ती से निपटने के भी निर्देश दिए। कांग्रेस ने बाद में आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित उपद्रवियों ने खोवाई जिले में भी उनके कई कार्यालयों में तोड़फोड़ की है और कईयों को आग के हवाले कर दिया है। इसके अलावा, उनके घरों और दुकानों को भी निशाना बनाया गया है। उल्लेखनीय है कि राज्य में 23 जून को हुए उपचुनाव में भाजपा ने चार विधानसभा सीटों में से तीन पर जीत हासिल की, जबकि अगरतला निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस को जीत मिली है। इस बीच, पुलिस ने जानकारी दी कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और भाजपा पार्षद शिल्पी सेन के बीच मतभेद की छोटी सी घटना हुई, जब वह आईजीएम अस्पताल के पास मतगणना हॉल से लौट रही थीं। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने यहां कांग्रेस भवन पर हमला किया और तोड़फोड़ की। सत्तारूढ़ भाजपा ने हालांकि, कांग्रेस पर अराजकता शुरू करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई और पार्टी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की मांग की क्योंकि हिंसा उन्हीं की वजह से हुई। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी कहा है कि त्रिपुरा में पार्टी मुख्यालय पर भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने हमला किया है और हमलावरों के खिलाफ तत्काल तत्काल सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। श्री गांधी ने कहा,“मैं अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं पर अगरतला उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद भाजपा के गुंडों द्वारा किये गए इस हमले की कड़ी निंदा करता हूं। जनता हमारे साथ है। शर्म की बात यह है कि पुलिस इस घटना के दौरान हमलावरों को रोकने की बजाय मूकदर्शक बनी रही। भाजपा के इन गुडों खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें सजा दी जानी चाहिए।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^