तिरंगा लगाने का विरोध कर रही भाजपा: सिसोदिया
24-Mar-2022 11:24 PM 6751
नयी दिल्ली, 24 मार्च (AGENCY) दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) पर तिरंगा लगाने का विरोध करने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को कहा,“ हम जान दे देंगे लेकिन तिरंगा लहराएंगे। ” विधायक सोमनाथ भारती ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि मालवीय नगर विधानसभा के महाराजा शूर सैनी पार्क में तिरंगा लगाने से रोकते हुए भाजपा के पार्षद ने कहा कि वह किसी भी कीमत पर झंडा नहीं लगने देंगे। श्री सिसोदिया ने सदन में उठाए गए इस मुद्दे का जवाब देते हुए कहा कि विधायक सोमनाथ भारती ने जो मुद्दा उठाया है, वह बेहद गंभीर है। पूरे देश की गरिमा, हमारी आन-बान-शान और राष्ट्रीय ध्वज के लिए बहुत गंभीर मसला है। दिल्ली सरकार ने तय किया कि आजादी के 75वे वर्ष में पूरी दिल्ली में 500 तिरंगा लहराएंगे। उन्होंने कहा कि इसका मकसद यह था कि देश का कोई भी नागरिक दिल्ली के किसी भी कोने में निकले तो लहराते हुए तिरंगे को देखकर उसके मन में हिलोरें उठें। इस मकसद से दिल्ली में तिरंगे लगाना शुरू किया है। अगर भाजपा का कोई पार्षद सिर्फ इसलिए कि वह वहां पर अपना कोई झंडा लहराता है, अगर वह उस तिरंगे को लगाने से मना कर रहा है तो इससे बड़ा कोई देशद्रोह कुछ नहीं हो सकता है। इससे ज्यादा गद्दारी नहीं हो सकती है। इस तिरंगे को लोगों ने अपने खून से सींचा है। उन्होंने कहा,“ हमने कल ही शहीद दिवस मनाया है। जिन तीन लोगों की बात हमने यहां की, उन शहीदों ने अपने खून से सींच कर इस तिरंगे को बनाया है।” उपमुख्यमंत्री ने विधानसभा में कहा,“ आज इस देश में लोगों को तिरंगा लगाने पर दिक्कत हो रही है। भाजपा आज इस बात पर शर्म महसूस कर रही है। भाजपा का पार्षद खड़े होकर कह रहा है कि दिल्ली में तिरंगा नहीं लगने देंगे, इससे ज्यादा शर्म की बात क्या हो सकती है। इस बात पर शर्म आनी चाहिए कि उनका एक नेता दिल्ली में तिरंगा लगाए जाने का विरोध कर रहा है। भाजपा को इस पर देश से माफी मांगनी चाहिए और पश्चाताप करना चाहिए। हम जान दे देंगे लेकिन तिरंगा लहराएंगे, हिम्मत है तो रोक कर देखो। तिरंगा वहीं लगेगा, जहां पर तय हुआ है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^