17-Sep-2021 10:22 AM
4123
कानपुर| के कुरसौली गांव में बीते 15 दिन के भीतर डेंगू और रहस्यमी बुखार से 10 मौतों के बाद अफसरों की नींद टूट गई है। गुरुवार की रात पौने 11 बजे डीएम आलोक कुमार, एडीएम सिटी अतुल कुमार और सीएमओ नैपाल सिंह गांव पहुंचे। उन्होंने गांव की गली-गली में घूमकर लोगों के पलायन का सच जाना। घरों में बीमार पड़े लोगों से हालचाल लिया। इस गांव में रहस्यमयी बुखार के भय से ज्यादातर लोग घर छोड़कर अपने रिश्तेदारों या दूसरी जगह जा चुके हैं।
इस दौरान डीएम का सामना एक लड़की दिव्या तिवारी से हुआ। दिव्या ने उन्हें प्रशासनिक मदद का आइना दिखाया। सवाल करते हुए पूछा, आप लोग यहां क्यों आते हैं? गांव के हर घर में मातम पसरा हुआ है, पहले क्यों नहीं आए? लौट जाएं नहीं तो आप भी बीमार पड़ सकते हैं। गांव की हवा में जहर घुल चुका है। इस पर डीएम ने सभी को दिलासा दी। कहा कि, लापरवाह लोगों पर कार्रवाई होगी।
सूचना छिपाई तो हत्या का मुकदमा दर्ज होगा
गांव वालों से इलाज और जांच का इंतजाम का सच जानकार डीएम आग बबूला हो उठे। कहा, पंचायत सचिव और लेखपाल गांव में होने वाली मौतों की जानकारी किसी भी हाल में नहीं छिपाएंगे। सही समय पर सूचना नहीं आई तो उन पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। सीएमओ से कहा कि उनकी टीम लगातार गांव में रहेगी। जो लोग दवा लेने नहीं आ सकते उन्हें घर तक दवा पहुंचाई जाए।
गली-गली घूमे डीएम
डीएम ने गांव में सफाई और रात में मच्छरों के आतंक की स्थिति समझी। गलियों में घूमते हुए वे सबसे पहले आशीष तिवारी के घर पहुंचे। 10 सितंबर को आशीष की पत्नी क्षमा और 14 को मां निर्मला की मृत्यु बीमारी से हो चुकी है। इनके पिता चंद्रशेखर तिवारी की हालत भी गंभीर है। घर पर ऑक्सीजन सिलिंडर के सहारे उनका इलाज चल रहा है। डीएम ने उन्हें हैलट में शिफ्ट करने के आदेश दिए।
हाफ शर्ट पहनकर पहुंचे डीएम
मच्छरों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को फुल बाह की शर्ट पहने के लिए आगाह कर रहा है। वहीं, डीएम खुद हाफ शर्ट में ही गांव का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने बातचीत में लोगों को फुल बांह शर्ट पहनने की नसीहत दी। उन्होंने बताया कि रात में आने का मकसद यह देखना था कि गांव में मच्छरों की स्थिति क्या है।
5 दिन से नहीं हुई फॉगिंग, कार्रवाई
डीएम के आने से पहले सीडीओ डॉ. महेंद्र कुमार ने गांव का निरीक्षण किया था। गांव वालों ने बीते 5 दिन से गांव में फॉगिंग तक नहीं कराने की जानकारी दी। इसके बाद सीडीओ ने खंड और पंचायत विकास अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टी दी। जिला पंचायत राज अधिकारी को चेतावनी भी दी।
fever
died..///..the-girl-suffering-from-fever-asked-10-people-died-why-did-they-come-now-317787