ताइवान में भूकंप के कारण मरने वालों की संख्या 13
06-Apr-2024 10:02 PM 3012
हुआलियन 06 अप्रैल (संवाददाता) चीन के ताइवान में भूकंप के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। स्थानीय अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों की ओर से एक 21 वर्षीय महिला (जो भूकंप आने पर हुआलियन काउंटी के तारोको पार्क में अकेली यात्रा कर रही थी) की मृत्यु की पुष्टि की गई। राहत एवं बचाव दल के एक अधिकारी के अनुसार, उसका शव शुक्रवार को खोजे गए दो पीड़ितों के शव के करीब था। पार्क में तीन लोग लापता हैं। ऐसा माना जाता है कि वे एक ही परिवार से हैं। अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा,“उनकी तलाश के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है।” स्थानीय मौसम विज्ञान प्राधिकरण के अनुसार शनिवार को अपराह्न तक भूकंप के बाद 600 से अधिक झटके महसूस किए गए हैं। पार्क के भीतर एक होटल या पास के गतिविधि केंद्र में फंसे लोगों को वापस लाने के लिए बारिश के बीच हेलिकॉप्टर लगातार काम कर रहे थे। बचे हुए लोगों ने बचावकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। एक स्थानीय प्राथमिक विद्यालय परिवहन सुविधा से कटा हुआ है। कुल 15 शिक्षक और 45 छात्र, जिनके सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है, फिलहाल बचाव का इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय जल आपूर्ति कंपनी ने कहा कि भूकंप प्रभावित अधिकांश इलाकों में पानी की आपूर्ति फिर से शुरू हो गई है। शनिवार अपराह्न तक 160 घरों में पानी की आपूर्ति बंद है। गौरतलब है कि बुधवार सुबह 7:58 बजे ताइवान के हुआलियन काउंटी के पास समुद्री क्षेत्र में भूकंप आया। भूकंप के कारण शनिवार अपराह्न तक 1,147 लोग घायल हुए हैं। छह अभी भी लापता हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^