सिलाव में नीतीश के मंच के पीछे धमाका होने से मची अफरा-तफरी
12-Apr-2022 06:38 PM 1881
पटना 12 अप्रैल (AGENCY) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान आज नालंदा जिले के गांधी हाईस्कूल में उनके मंच के ठीक पीछे शरारती तत्वों ने पटाखे का विस्फोट किया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को जनसंवाद कार्यक्रम के तहत पावापुरी होते हुए राजगीर जा रहे थे, इसी क्रम में वह सिलाव स्थित गांधी हाईस्कूल में पंडाल में बैठे लोगों से मिलकर उनके आवेदन ले रहे थे तभी अचानक पंडाल में बनाये गये मंच के पीछे धमाका हुआ। मुख्यमंत्री जहां पर थे उससे करीब 15 से 20 फुट की दूरी पर यह विस्फोट हुआ। इसमें किसी के घायल होने की अभी तक कोई सूचना नहीं है। सूत्रों ने बताया कि तेज आवाज होने के कारण वहां भगदड़ मच गयी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को दबोच लिया है। वह नालंदा जिले के ही इस्लामपुर प्रखंड के सत्यारगंज गांव का रहने वाला है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शरारती व्यक्ति ने मंच के पीछे खेत में पटाखा फोड़ा था। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही चल रहा है। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बाढ़ में एक युवक ने पीछे से हमला कर दिया था। इस घटना के बाद से उनकी सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^