सिद्दारमैया के काफिले पर महिला ने फेंकी नोटों की गड्डियां
15-Jul-2022 08:21 PM 2532
बालाकोट 15 जुलाई (AGENCY) कर्नाटक कांग्रेस के विधायक दल के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया को शुक्रवार को केरूर सांप्रदायिक हिंसा के पीड़ितों के परिजनों के गुस्से का सामना करना पड़ा और एक पीड़ित परिवार की महिला सदस्य ने उनकी ओर से दी गयी अनुग्रह राशि के नोटों की गड्डियां उनके काफिले पर फेंक दी। श्री सिद्दारमैया पीड़ितों से मिलने के लिए अस्पताल पहुंचे तथा उन्होंने पीड़ितों से बातचीत की और सांप्रदायिक हिंसा के बारे में जानकारी ली। पीड़ितों से पूछताछ के बाद वह अपने वाहन में सवार होकर वहां से निकल पड़े। इसी दौरान एक महिला उनके द्वारा दिए गए नोटों की गड्डियां लेकर उनके पास पहुंची। महिला ने उनसे कहा कि उसे पैसे की नहीं, बल्कि न्याय की जरूरत है और सांप्रदायिक हिंसा में शामिल दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज करना है। श्री सिद्दारमैया ने उसका हाथ थाम लिया और उसे सांत्वना देने की कोशिश की। जब उनका वाहन आगे बढ़ा, तो महिला ने उनका पीछा किया और जमीन पर गिरे नोटों की गड्डियां फेंक दीं। बाद में मीडिया से बात करते हुए महिला ने शिकायत की कि कांग्रेस नेता उनसे तुरंत नहीं मिले थे, लेकिन सांप्रदायिक हिंसा के कुछ दिनों बाद उससे मिले। उसने कहा, “ हमें पैसा नहीं चाहिए, बल्कि हिंसा भड़काने वाले दोषियों को सजा दिलाकर न्याय चाहिए।” उल्लेखनीय है कि छेड़खानी को लेकर भड़की सांप्रदायिक हिंसा में चार लोग घायल हो गए। इस सिलसिले में करीब 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^