श्रीलंकाई गेंदबाजों ने बंगलादेश पर कसा शिकंजा
25-Jun-2025 10:55 PM 4290
कोलंबो 25 जून (संवाददाता) असिता फर्नांडो, विश्वा फर्नांडो और सोनल दिनुशा (दो-दो विकेट) के शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत श्रीलंका ने दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन बुधवार को बंगलादेश के 220 रन पर आठ विकेट झटक कर मैच पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। बंगलादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी बंगलादेश की शुरुआत खराब रही। असिता फर्नांडो ने अनामुल हक (शून्य) को बोल्ड कर श्रीलंका को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये मोमिनुल हक ने शादमान इस्लाम के साथ पारी को संभलने का प्रयास किया। धनंजय डीसिल्वा ने मोमिनुल हक (21) को आउट कर बंगलादेश को दूसरा झटका दिया। इसके थोड़ी देर बाद ही विश्वा फर्नांडो ने कप्तान नजमुल शान्तो (आठ) को अपना शिकार बना लिया। चौथे विकेट के रूप में शादमान इस्लाम (46) को थरिंडु रत्नायके ने आउट किया। मुशफिकुर रहीम और लिटन कुमार दास ने बंगलादेश की पारी को कुछ देर संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच 67 रनों की साझेदारी हुई। सोनल दिनुशा ने 48वें ओवर में लिटन कुमार दास (34) को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। दिनुशा ने इस के बाद मुशफिकुर रहीम (35) को आउटकर बंगलादेश को छठा झटका दिया। मेहदी हसन मिराज (31) को विश्वा फर्नांडो ने आउट कर श्रीलंका को सातवीं सफलता दिलाई। दिन का आखिरी विकेट नईम हसन (25) के रूप में गिरा। उन्हें ए. फर्नांडो ने बोल्ड आउट किया। स्टंप के समय बंगलादेश ने आठ विकेट पर 220 रन बना लिये है और तैजुल इस्लाम (नौ) और इबादत हुसैन (पांच) रन बनाकर क्रीज पर मौजूद है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^