शिंदे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री का फैसला भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर छोड़ा
27-Nov-2024 05:42 PM 7638
मुंबई 27 नवम्बर (संवाददाता) महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री को लेकर महायुति में रस्साकस्सी के तमाम कयासों पर विराम लगाते हुए कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि वह भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ हैं और मुख्यमंत्री के बारे में वह जो भी फैसला करेंगे उन्हें मंजूर है। श्री शिंदे ने बुधवार को यहां ठाणे में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उनकी पार्टी और उनकी तरफ से सरकार के गठन में कोई बाधा नहीं है और वह मुख्यमंत्री के चयन को लेकर पूरी तरह भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ हैं। श्री शिंदे ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को टेलीफोन करअपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है और कहा है कि वह मुख्यमंत्री को लेकर जो भी फैसला करेंगे वह उन्हें मंजूर है। श्री शिंदे के इस बयान के बाद राज्य में मुख्यमंत्री के चयन को लेकर सभी अटकलबाजियों पर विराम लग गया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार) के प्रमुख अजीत पवार पहले ही राज्य में भाजपा का मुख्यमंत्री बनाये जाने का समर्थन कर चुके हैं और अब श्री शिंदे के समर्थन से महाराष्ट्र में भाजपा का मुख्यमंत्री बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। रिपोर्टों के अनुसार भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेन्द्र फडणवीस , श्री शिंदे और श्री पवार के गुरूवार को दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मिलने का कार्यक्रम है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^