24-Apr-2023 11:01 PM
3840
हुबली, 24 अप्रैल (संवाददाता) केंद्रीय गृहमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनावी मुख्य रणनीतिकार अमित शाह ने सोमवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार आगामी विधानसभा चुनाव हारेंगे क्योंकि हुबली ने हमेशा भाजपा को वोट दिया है, किसी व्यक्ति को नहीं।
श्री शाह ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों से कहा कि कोई नुकसान नहीं हुआ है। श्री जगदीश शेट्टार खुद चुनाव हार जाएंगे। हुबली ने हमेशा भाजपा को वोट दिया है, किसी व्यक्ति को नहीं, और भाजपा कार्यकर्ता एकजुट हैं और निश्चित रूप से भाजपा चुनाव जीतेगी।
भाजपा द्वारा हुबली-धारवाड़ केंद्रीय निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए श्री शेट्टार को टिकट देने से इनकार करने के कुछ दिनों बाद श्री शेट्टार ने कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी को पत्र सौंपकर भाजपा विधायक के रूप में अपना इस्तीफा दे दिया और कांग्रेस में शामिल होने से पहले अगले दिन पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
श्री शाह से यह पूछे जाने पर कि श्री शेट्टार को टिकट क्यों नहीं दिया गया, उन्होंने कहा कि कई लोगों को टिकट से वंचित किया गया है। शेट्टार जी अकेले नेता नहीं हैं जिन्हें टिकट से वंचित किया गया।
कांग्रेस पार्टी के इस बयान के बारे में पूछे जाने पर कि भाजपा ने उसके लिंगायत नेताओं को अपमानित किया है , श्री शाह ने कहा कि सबसे पुरानी पार्टी को इस बारे में बात करने का कोई अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि राज्य के पूरे राजनीतिक इतिहास में लिंगायत समुदाय से केवल दो मुख्यमंत्री चुने गए। दोनों को अपमानित किया गया और हटा दिया गया। एक को पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी ने और दूसरे को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी द्वारा हवाई अड्डे पर हटाया गया। कांग्रेस को लिंगायतों के बारे में बात करने का कोई अधिकार नहीं है। इसके विपरीत, भाजपा ने हमेशा सभी जातियों का सम्मान करने और सभी के साथ समान व्यवहार करने की कोशिश की है।
श्री शाह ने श्री सावदी और श्री शेट्टार की इस टिप्पणी पर कि कुछ निहित स्वार्थ कर्नाटक में भाजपा को नियंत्रित कर रहे हैं, कहा कि भाजपा व्यक्तियों के नियंत्रण में नहीं है।
उन्होंने तर्क दिया कि इन्हीं निहित स्वार्थों ने पहले श्री शेट्टार और श्री सावदी को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री बनाया था।
श्री शाह ने पुराने मैसूर क्षेत्र में बहुमत वाली सीटें जीतने के लिए पार्टी की रणनीति के बारे में पूछे जाने पर कहा कि कोई रणनीति नहीं है। हम बहुमत की सरकार बनाना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि पुराने मैसूर क्षेत्र के लोग भाजपा के साथ आएं। हम अपने विचार उनके पास ले जा रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि पुराने मैसूर क्षेत्र में भाजपा को अच्छी सफलता मिलेगी।...////...