01-Aug-2023 10:35 PM
4961
जयपुर 01 अगस्त (संवाददाता) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्य सरकार के खिलाफ आज किए गए प्रदर्शन पर पलटवार करते हुए कहा है कि सच भाजपा को कड़वा लगेगा क्योंकि एनसीआरबी के आंकड़ों में महिलाओं के साथ दुष्कर्म के सर्वाधिक मामले भाजपा शासित मध्यप्रदेश एवं हत्या, महिलाओं के विरुद्ध अपराध एवं अपहरण में भाजपा शासित उत्तर प्रदेश देश में सबसे आगे है।
श्री गहलोत ने सोशल मीडिया पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रति लाख जनसंख्या पर महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में देश में भाजपा शासित असम, केन्द्र शासित पुलिस वाला राज्य दिल्ली, हरियाणा शीर्ष पांच राज्यों में हैं।
उन्होंने कहा कि नाबालिगों से बलात्कार यानी पॉक्सो एक्ट के मामले में मध्य प्रदेश देश में पहले स्थान पर है जबकि राजस्थान 12वें स्थान पर है। एनसीआरबी रिपोर्ट में 2019 की तुलना में 2021 में राजस्थान में महिलाओं के विरुद्ध अपराध कम हुए हैं जबकि भाजपा शासित मध्य प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश में अपराध बढ़े।
उन्होंने कहा कि मणिपुर में महिलाओं के साथ जिस तरह की घटनाएं हुई हैं वो पूरी दुनिया ने देखा है। जोधपुर में बलात्कार के मामलों में एबीवीपी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता आरोपी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में एफआईआर के अनिवार्य पंजीकरण की नीति के बावजूद 2021 में 2019 की तुलना में करीब पांच प्रतिशत अपराध कम दर्ज हुए हैं जबकि मध्य प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, उत्तराखंड समेत 17 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में अपराध अधिक दर्ज हुए हैं।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में महिलाओं की पूरी सुनवाई होती है एवं पुलिस अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई करती है। उन्होंने कहा कि सिर्फ मणिपुर एवं भाजपा शासित राज्यों की असफलताओं से ध्यान हटाने के लिए केन्द्र व राज्य के भाजपा नेता राजस्थान को बदनाम करने के लिए झूठे आरोप लगा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राजस्थान यह बदनामी का प्रयास नहीं सहेगा और राजस्थानियों को गलत तरीके से बदनाम कर नीचा दिखाने के भाजपा के कुप्रयास का प्रदेशवासी समय आने पर जवाब देंगे।...////...