रुझानों में यूपी में राजग को बड़ा नुकसान
04-Jun-2024 02:03 PM 2837
लखनऊ 04 जून (संवाददाता) देश की राजनीति में अहम भूमिका निभाने वाले राज्य उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को बड़ा नुकसान होता दिख रहा है। निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर एक बजे तक मिले रुझानों में राजग 34 सीटों पर और इंडिया समूह 45 सीटों पर आगे चल रही है। इस अवधि में भाजपा 32,राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) एक और अपना दल (एस) एक सीट पर बढत बनाये हुये हैं वहीं सपा 37 और कांग्रेस आठ सीटों पर बढ़त बनाये हुये हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी रायबरेली में, कन्नौज में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, मैनपुरी में सपा की डिंपल यादव,वाराणसी में भाजपा के नरेन्द्र मोदी,लखनऊ में भाजपा के राजनाथ सिंह अपने निकटतम प्रतिद्धंदी से बढ़त बनाये हुये हैं। दोपहर एक बजे तक मिले रुझानों में वर्ष 2019 की तुलना में राजग को 25 से अधिक सीटों का नुकसान होता नजर आ रहा है वहीं वर्ष 2019 के चुनाव में मात्र एक सीट पर सिमटी कांग्रेस उत्तर प्रदेश में आठ सीटों पर बढ़त बनाने में सफल हुयी है जबकि सपा का यादव परिवार अपनी सभी सीटों पर आगे निकलता नजर आ रहा है। फैजाबाद संसदीय क्षेत्र में भाजपा और सपा उम्मीदवार के बीच कड़ा मुकाबला है और सपा प्रत्याशी ने बढ़त बनायी हुयी है। रायबरेली से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी रायबरेली संसदीय सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्धंदी भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह से दो लाख 22 हजार से अधिक मतों की निर्णायक बढ़त बनाये हुये हैं वहीं अमेठी में कांग्रेस के किशोरी लाल भाजपा की स्मृति ईरानी से करीब 71 हजार वोटों से बढ़त बनाये हुये हैं। इसके अलावा बाराबंकी से तनुज पुनिया करीब एक लाख 34 हजार मतों से आगे हैं वहीं सहारनपुर से इमरान मसूद 79 हजार वोटो से बढ़त बनाये हुये हैं वहीं अमरोहा,सीतापुर,कानपुर और इलाहाबाद में भी कांग्रेस प्रत्याशी बढ़त बनाये हुये हैं। वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से एक लाख पांच हजार से अधिक वोटों से आगे हैं वहीं लखनऊ में राजनाथ सिंह ने करीब 42 हजार वोटों से आगे हैं।गौतमबुद्धनगर में डा महेश शर्मा तीन लाख से अधिक मतों से निर्णायक बढ़त ले चुके हैं। मथुरा में हेमा मालिनी दो लाख से अधिक मतों से आगे हैं। गाजियाबाद,बुलंदशहर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में भाजपा आगे चल रही है। यादव बाहुल्य बेल्ट और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुस्लिम बाहुल्य कुछ जिलों में सपा ने भाजपा के मुकाबले बढ़त बनायी हुयी है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव कन्नौज में करीब 83हजार वोटों से आगे हैं वहीं कन्नौज से उनकी पत्नी डिपंल यादव करीब एक लाख 36 हजार वोटों से बढत बनाये हुये हैं। फिरोजाबाद से अक्षय यादव करीब 79 हजार वोटों से आगे हैं, आजमगढ़ में धर्मेंद्र यादव 84 हजार से अधिक मतों से आगे हैं। इटावा में जितेंद्र यादव 49 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। फैजाबाद में सपा प्रत्याशी भाजपा को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। रामपुर,मुरादाबाद,कैराना,मुजफ्फरनगर,अलीगढ,एटा,धौरहरा में सपा उम्मीदवार लीड ले रहे हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^