रेवन्ना को लाकर कर्नाटक सरकार को सौंपें मोदी : महिला कांग्रेस
05-May-2024 06:04 PM 3365
नयी दिल्ली 05 मई (संवाददाता) महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुप रहकर प्रज्वल रेवन्ना का साथ देने की बजाय चुप्पी तोड़नी चाहिए और आरोपी को जर्मनी से लाकर कर्नाटक सरकार को सौंप देना चाहिए। सुश्री लांबा ने रविवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि श्री मोदी का समर्थन रेवन्ना के साथ रहा है। वह उनके साथ खड़े नज़र आते थे। भाजपा को भी उसके कुकृत्यों की जानकारी थी इसलिए श्री मोदी को चुप्पी तोड़कर रेवन्ना को वापस लाकर सख्त सजा दिलानी चाहिए। उन्होंने कहा "प्रधानमंत्री जी, चुप्पी तोड़िए। जब तक आप प्रज्वल रेवन्ना को जर्मनी से लाकर कर्नाटक सरकार को नहीं सौपेंगे तब तक महिला कांग्रेस देश के हर कोने से आवाज उठाएगी। हम ही नहीं देश की आधी आबादी आपसे सवाल पूछेगी। महिला कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और श्री मोदी जब तक चुप्पी नहीं तोड़ते और आरोपी को सजा नहीं दिलाते तब तक महिला कांग्रेस हर जगह प्रधानमंत्री मोदी का घेराव करेगी। महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता श्री मोदी की सत्ता की ताकत और उनके पुलिसिया तंत्र से डरने वाले नहीं हैं।" भाजपा नेताओं को रेवन्ना के कुकृत्य की जानकारी होने की बात कहते हुए महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ने कहा "भाजपा नेता ने कर्नाटक के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखकर प्रज्वल रवन्ना के मास रेप मामले में लिप्त होने की जानकारी दी थी। उसके हजारों अश्लील वीडियो के बारे में भाजपा को पहले से पता था। फिर भी प्रधानमंत्री मोदी प्रज्वल रेवन्ना के लिए वोट मांगते हैं और प्रज्वल और उसके पिता एचडी रेवन्ना के साथ खड़े दिखाई देते हैं। ये सब दिखाता है कि प्रज्वल रेवन्ना का बचाव प्रधानमंत्री मोदी कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि प्रज्वल रेवन्ना के मामले में महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी और राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा खामोश हैं। आज देश की आधी आबादी मांग कर रही है कि स्मृति ईरानी और रेखा शर्मा चुप्पी तोड़ो। इस पूरे मामले पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने भी चिंता जाहिर की है और पार्टी नेता राहुल गांधी ने भी कर्नाटक सरकार के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^