राजेंद्र आर्लेकर और नीतीश ने शहीद दिवस पर अमर स्वतंत्रता सेनानियों को दी श्रद्धांजलि
11-Aug-2024 08:24 PM 5868
पटना 11 अगस्त (संवाददाता) बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज शहीद दिवस पर अमर स्वतंत्रता सेनानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री आर्लेकर और श्री कुमार ने रविवार को शहीद दिवस के अवसर पर 11 अगस्त 1942 को आजादी के मतवाले सात अमर शहीद उमाकांत प्रसाद सिंह, रामानन्द सिंह, सतीश प्रसाद झा, जगतपति कुमार, देवीपद चैधरी, राजेन्द्र सिंह एवं राम गोविन्द सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए शहीद स्मारक परिसर, पटना में आयोजित राजकीय समारोह शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, सूचना एवं जनसम्पर्क मंत्री महेश्वर हजारी, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री जनक राम, सांसद संजय कुमार झा, विधानसभा उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, कुमुद वर्मा एवं रवीन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अमर शहीदों के परिजन एवं गणमान्य व्यक्तियों ने अमर शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद राज्यपाल श्री आर्लेकर, मुख्यमंत्री श्री कुमार, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष श्री यादव, उप मुख्यमंत्री श्री चौधरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सचिवालय प्रांगण स्थित शहीद पार्क में जाकर अमर ज्योति के समक्ष पुष्प चक्र अर्पित किया एवं स्वतंत्रता संग्राम के तमाम अमर शहीदों को नमन करते हुये अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा बिहार गीत एवं देश भक्ति गीतों का गायन प्रस्तुत किया गया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^