राजस्थान में कांग्रेस ने सोनिया को नोटिस के खिलाफ किया सत्याग्रह
26-Jul-2022 11:36 PM 7051
जयपुर, 26 जुलाई (AGENCY) राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनियां गांधी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का नोटिस के खिलाफ आज यहां सत्याग्रह किया। शहीद स्मारक एवं गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहा पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रिय भजन गाकर शांतिपूर्ण सत्याग्रह किया गया। सत्याग्रह के पश्चात् श्री डोटासरा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते केन्द्र सरकार पर आरोप लगाया कि उसके द्वारा देश में बढ़ती हुई महंगाई, बेरोजगारी जैसे ज्वलंत मुद्दों को संसद में उठाने से विपक्षी नेताओं को रोका जा रहा है तथा वह जनता की आवाज उठाने वाले विपक्षी नेताओं को प्रताड़ित करने के लिये ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स जैसी संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को प्रताड़ित करने के लिए केन्द्र सरकार के ईशारे पर ईडी द्वारा पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी को और अब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को तथ्यहीन आरोपों में नोटिस प्रदान किया गया है जबकि नेशनल हैराल्ड प्रकरण में न तो कोई लेन-देन हुआ, न ही किसी प्रकार की अनियमितता कांग्रेस नेताओं एवं अथवा किसी अन्य ने की। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार चाहे जितने जुल्म कांग्रेस नेताओं पर करे, कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता देश के लोकतंत्र एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिये संघर्ष करना नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता केन्द्र सरकार की संवैधानिक संंस्थाओं के दुरूपयोग करने की नीति के विरूद्ध हर प्रकार का संघर्ष करने के लिये तैयार एवं तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार को जिस प्रकार देश के किसानों से माफी मांगनी पड़ी थी, उसी प्रकार कांग्रेस श्रीमती सोनिया गांधी के विरूद्ध की जा रही कार्यवाही के लिये भी देश से माफी मांगनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी का संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक कि वर्ष 2024 में केन्द्र की सत्ता से भाजपा की तानाशाही सरकार की विदाई नहीं हो जाती। सत्याग्रह में कई मंत्री, विधायक, विधायक प्रत्याशी, सांसद, सांसद प्रत्याशी, कांग्रेस पदाधिकारी, निगम एवं बोर्डों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, नगर निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी, विभागों एवं प्रकोष्ठों के निवर्तमान पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^