राजस्थान कांग्रेस की जयपुर में कार्यशाला
19-Apr-2023 09:11 PM 2997
जयपुर, 19 अप्रैल (वार्ता ) राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस ने आगामी कार्यक्रमों को लेकर आज राजधानी जयपुर में कार्यशाला आयोजित की गई जिसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुखजिन्द्र सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने भाग लिया। बिड़ला सभागार में आयोजित कार्यशाला में राजस्थान प्रदेश के एआईसीसी एवं पीसीसी डेलीगेट्स, प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, सांसद एवं सांसद प्रत्याशी, पूर्व सांसद, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष, विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष, राज्य सरकार के मंत्रीमण्डल के सदस्य, विधायक, विधायक प्रत्याशी, पूर्व विधायक, जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी, विभाग एवं प्रकोष्ठों के प्रदेशाध्यक्ष, जिला प्रमुख, प्रधान, नगर निकाय के अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष तथा मण्डलों के अध्यक्ष से संवाद किया गया। कार्यशाला को सम्बोधित करते हुये श्री गहलोत ने कहा कि आज देश एवं प्रदेश के हालातों पर सब ने खुलकर अपने विचार रखे हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगे के तले कांग्रेस के महान् स्वतंत्रता सैनानियों ने देश को आजाद कराया तथा संविधान के तहत् लोकतंत्र का शासन स्थापित किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि आज देश में सत्ता में बैठे हुये लोग जिस भाषा का उपयोग कर रहे हैं वह निन्दनीय है। उन्होंने कहा कि ईडी, सीबीआई एवं न्यायपालिका सहित सभी संवैधानिक संस्थायें दबाव में है। उन्होंने कहा कि श्री नरेन्द्र मोदी मोदी और श्री अमित शाह के नेतृत्व में फासीवादी शासन चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बार-बार कहते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया जबकि जनता को मताधिकार प्रदान कर देश में लोकतंत्र की स्थापना करने का कार्य कांग्रेस ने किया। उन्होंने कहा कि श्री मोदी जुमलों के आधार पर शासन करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं ने स्वतंत्रता आन्दोलन में उंगली तक नहीं कटाई, किन्तु खुद को देशभक्त बताते हैं। उन्होंने कहा कि देश में बदलाव की शुरूआत राजस्थान से करनी है क्योंकि राजस्थान में कांग्रेस के चुनाव जीतने के पश्चात् पूरे देश में कांग्रेस की राह प्रशस्त होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान का राजस्थान के नेताओं पर पूर्ण विश्वास है जिसे कायम रखते हुये राजस्थान के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को पार्टी की मजबूती के लिये कार्य करना है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता प्रदेश में पुन: कांग्रेस की सरकार बनाना चाहती है किन्तु यह सब कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर ही सम्भव होगा। उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर वोट मांगना सम्मान प्रदान करने के समान है क्योंकि बाबा साहब द्वारा दिये गये संविधान में मत का अधिकार आम जनता को प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता एवं कार्यकर्ता आत्मविश्वास के साथ जनता में जाकर पार्टी के लिये कार्य करें क्योंकि प्रदेश की जनता कांग्रेस शासन में विश्वास जता रही है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^