राजगढ़ जिले में ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया शिवराज ने
15-Jan-2022 11:50 PM 7522
राजगढ़, 15 जनवरी (AGENCY) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों की तकलीफें दूर की जाएंगी। श्री चौहान ने राजगढ् जिले के छायन गांव में ओलावृष्टि से प्रभावित सरसों, गेंहू, चना और मसूर की फसलों की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने इस मौके पर किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि बीमित फसल का 25 प्रतिशत हिस्सा बीमा कम्पनी एडवांस में भुगतान करेगी। शेष 75 प्रतिशत राशि सेटलमेंट होने के बाद बीमा कम्पनी की ओर से संबंधित किसानों काे प्रदान की जाएगी। राहत राशि राज्य सरकार देगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा की राशि और राहत राशि मिलाकर किसानों को उनकी फसल की क्षति की भरपाई की जाएगी। कोई भी गरीब किसान राहत राशि से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि किसान परेशान नहीं होंगे। संकट के समय सरकार उनके साथ है और उन्हें इस संकट से भी निकालेगी। प्रभावित किसानों की बेटियों के विवाह में भी सरकार सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिये कि एक-एक गाँव का सर्वेक्षण कार्य हो। सर्वेक्षण सूची ग्राम में चस्पा कराई जाए, जिससे यदि कोई किसान छूट जाए तो वह आपत्ति दर्ज कराकर अपना नाम सर्वेक्षण सूची में जुड़वा सके। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण कार्य चोरी-छुपे नहीं हो, कोई भी प्रभावित कृषक छूटे नहीं। सभी संबंधित अधिकारी सुनिश्चित करें की यह कार्य पारदर्शिता और संवदेनशीलता के साथ हो। श्री चौहान ने कहा कि जहाँ गेंहू, सरसों, चना, मसूर की फसल को ओलावृष्टि से 50 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ है वहाँ प्रति हेक्टेयर 30 हजार रुपये की राहत राशि प्रदान की जाएगी। पशुओं की मुत्यु होने पर गाय-भैंस के मामले में 30 हजार रूपये प्रति पशु, बैल-भैंसा की मृत्यु होने पर 25 हजार रूपये, बछड़ा-बछड़ी की मृत्यु होने पर 16 हजार रूपये, बकरा-बकरी की मृत्यु होने पर 3 हजार रूपये तथा मुर्गा-मुर्गी की मृत्यु होने पर 60 रूपये प्रति मुर्गा-मुर्गी राहत राशि प्रदान की जायेगी। श्री चौहान ने कालीपीठ क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली में गड़बड़ी करने की शिकायत मिलने पर प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी सुरेश वर्मा और फूड इंस्पेक्टर जसराम जाटव को निलंबित करने की घोषणा की। श्री चौहान ने कहा कि गरीबों का हक छीनने वाले बख्शे नहीं जायेंगे। उन्हें जेल भिजवाया जाएगा। श्री चौहान ने कहा कि गरीबों का राशन छीनने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिला कलेक्टर जिले की समस्त राशन दुकानों को चेक कराएं। श्री चौहान ने राजगढ़ तहसील के छायन ग्राम में कृषक हेमराज गोड़ के खेत में गेहूँ और सरसों की फसल का जायजा लिया। हेमराज ने बताया कि लगभग 18 बीघा कृषि भूमि में गेहूँ और सरसों की फसल की बोवनी की थी। ओलावृष्टि के कारण पूरी फसल नष्ट हो गई है, जिससे उन्हें काफी आर्थिक क्षति हुई। श्री चौहान ने किसान को आश्वस्त किया कि नुकसान का आंकलन कर राहत राशि दी जाएगी। श्री चौहान ने कृषकों एवं ग्रामीणों के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^