राहुल अपरिपक्व नेता, उनके सच्चे भारतीय होने पर संदेह : शिवराज
16-Mar-2023 07:40 PM 8624
भोपाल, विजयनगर (कर्नाटक), 16 मार्च (संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि वे अपरिपक्व नेता हैं और उनके सच्चे भारतीय होने पर भी संदेह है। श्री चौहान कर्नाटक के विजयनगर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित विजय संकल्प यात्रा में शामिल होकर रोड शो में भाग ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित कर भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। जनसभा को संबोधित करते हुए श्री चौहान ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमलावर होते हुए कहा कि श्री गांधी विदेशों में भी जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हैं। देश और कर्नाटक की जनता के दिल में श्री मोदी बसे हैं। उन्होंने देश और यहां की जनता की जिंदगी बदल दी है। उन्होंने कहा कि श्री गांधी अपरिपक्व नेता हैं, उनकी मानसिक आयु पांच वर्ष से कम है। एक ऐसे व्यक्ति को कांग्रेस राष्ट्रीय नेता बनाने पर तुली है, जो स्वयं लोकतंत्र पर विश्वास नहीं रखता। देश के मूल्यों पर विश्वास नहीं रखता हो। राहुल गांधी और कांग्रेस को शर्म आनी चाहिए कि वे विदेश में जाकर देश को बदनाम करने का षड्यंत्र रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के इस कृत्य को देश की जनता देख रही है, उनके सच्चे भारतीय होने पर भी संदेह है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में डबल इंजन की सरकार प्रदेश की तस्वीर और जनता की तकदीर बदल रही है। कांग्रेस कई टुकड़ों में बँट गई है। डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया अलग हैं। कांग्रेस और जेडीयू कर्नाटक का भला नहीं कर सकते। कांग्रेस ने तो अपने अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का भी अपमान किया। एक कार्यक्रम में वे धूप में खड़े रहे और छाता सोनिया गांधी के ऊपर लगाया गया। श्री चौहान ने विश्वास जताया कि कर्नाटक में भाजपा सरकार बनाएगी। आज पूरे विश्व में मोदी-मोदी के नारे लग रहे हैं। पाकिस्तान तक में लोग कहते हैं कि काश हमारे पास एक मोदी होता।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^