प्रियंका गांधी खुद राजस्थान में भ्रष्टाचार की स्टेक होल्डर-पूनावाला
20-Oct-2023 11:23 PM 7784
जयपुर, 20 अक्टूबर (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं भाजपा को लेकर दिए बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह राजस्थान में तो खुद भ्रष्टाचार की स्टेक होल्डर हैं और प्रदेश में साढ़े चार साल लूट, झूठ और फूट की सरकार चली है जिस पर वह एक शब्द नहीं बोलती। श्री पूनााला ने शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता में यह आरोप लगाते हुए कहा कि आज श्रीमती प्रियंका गांधी अपने सियासी पर्यटन पर राजस्थान आई थी और यह कोई नई बात नहीं है। अपने परिवार सहित रणथम्बौर तो वह अक्सर आती रहती हैं बस उन्हे दुष्कर्म पीड़ित महिलाएं और गैंगरेप की शिकार नाबालिग नजर नहीं आती। आज भी वह बिना तथ्यों के डिजाइन बॉक्स द्वारा पकड़ाई पर्ची को पढ़कर अपना भाषण पूरा करके चली गई, अच्छा होता वह प्रदेश की महिलाओं, युवाओं और किसानों की भी सुध लेती। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में साढ़े चार साल लूट, झूठ और फूट की सरकार चली है जिस पर वह एक शब्द नहीं बोलती। राजस्थान में तो श्रीमती प्रियंका गांधी खुद भ्रष्टाचार की स्टेक होल्डर हैं, उनके परिवार ने बीकानेर में किसानों की जमीनें हड़पने का काम किया जिसका मामला कोर्ट में चल रहा है। श्री पूनावाला ने कहा कि आज से साढ़े तीन साल पहले श्रीमती प्रियंका गांधी ने उत्तरप्रदेश में एक नारा दिया था ‘‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’’ इस नारे के लिए जो पोस्टर गर्ल बनाई गई थी उस लड़की ने भी पीड़ित होकर कांग्रेस पार्टी को छोड़ दिया। आज राजस्थान में महिलाएं अभियान चला रही हैं और प्रियंका गांधी से सवाल कर रही हैं कि आपने उत्तरप्रदेश में नारा दिया था लेकिन, क्या राजस्थान में भी ‘‘लड़की हूं, बच सकती हूं’’ का नारा चलेगा। उन्होंने कहा कि आज प्रियंका गांधी दौसा में आई जहां एक दसवी कक्षा की छात्रा के साथ गैंगरेप हुआ और उसका वीड़ियो बनाकर ब्लेकमेल किया गया और दुष्कर्म के मुख्य आरोपी कांग्रेस के विधायक जौहरीलाल मीणा के पुत्र के खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद जब पोक्सो कोर्ट और उच्चत्तम न्यायालय ने संज्ञान लेकर कार्रवाई के आदेश दिये तब जाकर आरोपियों की गिरफ्तारी हो पाई। उन्होंने कहा कि भाजपा की सोच है बेटी बचाओ और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की तो वहीं कांग्रेस की सोच है “बलात्कारी बचाओ”।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^