फिनो पेमेंट्स बैंक को विदेशों से भारत में धन-प्रेषण की सेवा देने का लाइसेंस
03-Jan-2022 07:54 PM 3741
नयी दिल्ली, 03 जनवरी (AGENCY) फिनो पेमेंट्स बैंक (फिनोपीबी) ने सोमवार को बताया कि उसे भारतीय रिजर्व बैंक से अंतरराष्ट्रीय रेमिटेंस ( धन-प्रेषण) कारोबार करने की अनुमति प्राप्त हुई है। वह एक विदेशी सेवा प्रदाता के साथ मिल कर विदेशों से लोगों को भारत में धन भेजने वालों के लिए सेवाएं देगा। फिनोपीबी ने सोमवार को एक बयान में कहा कि इस सेवा के लिए उसने किसी विदेशी फर्म के साथ मिल कर काम करेगी और उसका ब्योरा तय किया जा रहा है। फिनोपीबी यह कारोबार धन अंतरण सेवा योजना (एमटीएसएस) के तहत परिचालित करेगा। गौरतलब है कि विश्वबैंक की नवंबर 2021 की एक रिपोर्ट के अनुसार चालू वित्त वर्ष में विदेशों में काम कर रहे लोगों से भारत में 2021 के दौरान कुल 87 अरब डालर की राशि आने का अनुमान है जो दुनिया में किसी देश को विदेश से उनके नागरिकों द्वारा भेजे गए धन से अधिक होगा। वर्ष 2022 में यह तीन प्रतिशत बढ कर 89.6 अरब डालर तक पहुंच सकता है। फिनोपीबी के मुख्य परिचालन अधिकारी आशीष अहूजा ने एक बयान में कहा, “ हम अपने ग्राहकों को वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही में भारत में भेजी जाने वाली धन-प्रेषण सेवा देने के लिए तैयार हो जाएंगे। हम इसके लिए मोबाइल ऐप के समावेश का भी विचार कर रहे हैं। ” फिनो बैंक फिनटेक कंपनी फिनो पेटेक लि की अनुषंगी है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^