पंजाब में आपको बहुमत मिलने के आसार
07-Mar-2022 09:31 PM 8401
नयी दिल्ली, 07 मार्च ( वार्ता ) पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर किये गए एक्जिट पोल में आम आदमी पार्टी ( आप) को बहुमत मिलने के आसार हैं। सोमवार को चुनावी राज्यों के लिए सम्पन्न हुए सभी चरणों के मतदान के बाद अलग अलग एजेंसियों ने एग्जिट पोल के नतीजे जारी किए। इंडिया टुडे एक्सेस माय इंडिया के एग्जिट पोल के मुताबिक पंजाब के 117 सीटों वाली विधानसभा में आप को 76 से 90 सीटें मिल सकती हैं। वहीं कांग्रेस 19 से 31 सीटों पर ही अटक सकती है। शिरोमणि अकाली दल को 7 से 11 सीटें ही मिलने की बात कही गई है। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सिर्फ 1 से 4 तक सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। रिपब्लिक-पी मार्क की ओर से भी पंजाब का एग्जिट पोल जारी किया गया है। इसके मुताबिक आप राज्य में 62 से 70 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है। कांग्रेस को 21 से 31 सीटें ही मिलने का अनुमान है। इस सर्वेक्षण में अकाली दल को भी 16 से 24 सीटें हासिल हो सकती हैं। जन की बात के एग्जिट पोल में भी राज्य में आप की ही सरकार बनने की बात कही गई है। राज्य में आप को 60 से 84 सीटें मिल सकती हैं। सत्ताधारी कांग्रेस के इस पोल में भी 18 से 31 सीटों पर ही सिमटने का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा अकाली दल को 12 से 19 सीटें हासिल होने का अनुमान है। भाजपा को कुल 3 से 7 सीटें मिल सकती हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^