पाकिस्तान में तीस आतंकवादी मरे
26-Jan-2025 08:33 AM 6256
इस्लामाबाद 26 जनवरी (संवाददाता) पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सेना ने तीन अलग-अलग अभियानों में 30 आतंकवादियों को मार गिराया है। सेना ने शनिवार को यह जानकारी दी। पाकिस्तान सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने एक बयान में कहा कि सुरक्षा बलों ने प्रांत के लक्की मरवत, करक और खैबर जिलों में खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान चलाया। आईएसपीआर के बयान में कहा गया कि लक्की मरवत में अभियान के दौरान 18 आतंकवादी मारे गए और छह अन्य घायल हो गए तथा करक जिले में आठ अन्य आतंकवादी मारे गए। उन्होंने कहा कि तीसरी मुठभेड़ में सरगना समेत चार आतंकवादी मारे गए और दो अन्य घायल हो गए। आईएसपीआर के अनुसार अभियान में हथियारों और गोला-बारूद का एक बड़ा जखीरा भी बरामद किया गया। क्षेत्र में अन्य आतंकवादियों की मौजूदगी को खत्म करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। सेना ने कहा कि पाकिस्तान के सुरक्षा बल देश से आतंकवाद के खतरे को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^