न्यूजीलैंड-भारत कृषि साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध
12-Aug-2024 09:52 PM 1594
नयी दिल्ली 12 अगस्त (संवाददाता) भारत एवं न्यूजीलैंड ने कृषि क्षेत्र में द्विपक्षीय व्यापार तथा निवेश को और बढ़ाने के लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ावा देने पर सहमति व्यक्त की है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और न्यूजीलैंड के कृषि, वानिकी, व्यापार एवं विदेश मामलों के सहायक मंत्री टॉड मैक्ले के बीच सोमवार को यहां उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठक में बागवानी और मछली पालन में सहयोग की संभावनाओं को देखते हुए अनुसंधान एवं विकास के लिए तकनीकी सहयोग के महत्व पर भी चर्चा की गई। दाेनों मंत्रियों ने दोनों देशों के किसानों, उत्पादकों एवं उपभोक्ताओं को लाभान्वित करने के लिए आर्थिक और व्यापार संबंधों को मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में भारतीय अनार और आम के निर्यात पर प्रतिबंध हटाने के लिए न्यूजीलैंड के समर्थन की सराहना की गयी। श्री चाैहान ने संतरे और केले जैसे ताजे और सूखे फलों सहित अन्य कृषि उत्पादों में व्यापार के विस्तार की संभावना पर जोर दिया। उन्होंने, विशेष रूप से न्यूजीलैंड को अंगूर निर्यात करने के लिए भारतीय निर्यातकों को शीघ्र बाजार पहुंच प्रदान करने पर विचार करने को कहा। इसके अलावा श्री मैक्ले ने न्यूजीलैंड से भारत को पाइन लॉग निर्यात की हाल ही में पुनः शुरूआत के लिए धन्यवाद दिया। श्री चौहान के कार्यालय में हुई इस बैठक में दोनों देशों के आपसी हितों के प्रमुख क्षेत्रों और सहयोग के अवसरों पर चर्चा की गई। यह चर्चा दोनों देशों की कृषि प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी साझा करने और बागवानी पर प्रस्तावित समझौता ज्ञापन सहित साझेदारी के लिए नयी संभावनायें तलाशने पर केंद्रित थी। दोनों मंत्रियों ने कृषि साझेदारी को और मजबूत करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। बैठक में श्री चौहान ने भारत के साथ संबंध सुदृढ़ करने में न्यूजीलैंड के सक्रिय प्रयासों की सराहना की और इस संबंध के लिए न्यूजीलैंड सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता के महत्व को स्वीकार किया। उन्होंने दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों पर प्रकाश डाला और साथ ही न्यूजीलैंड में भारतीय प्रवासियों के महत्वपूर्ण योगदान और दोनों देशों के बीच बढ़ते शैक्षिक आदान-प्रदान का उल्लेख किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^