अखिलेश यादव के साथ गठबंधन ही नहीं अपनी पार्टी का सपा में विलय करने को भी तैयार हैं शिवपाल यादव
14-Nov-2021 01:15 PM 6760
नई दिल्ली । प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने एक बार फिर दोहराया कि भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए जरूरी हुआ तो वे सपा में विलय को भी तैयार हैं। सरकार बनने पर 300 यूनिट बिजली फ्री देने की घोषणा के साथ ही पुरानी पेंशन बहाल करने का भी ऐलान किया। भाजपा पर धर्म के नाम पर सियासत का आरोप लगाते हुए कहा कि समाज को बांटने की राजनीति बहुत दिनों तक नहीं चलने वाली। सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा लेकर निकले शिवपाल सिंह यादव शुक्रवार की देर शाम बलिया पहुंचे। मुख्य कार्यक्रम तो सहतवार में शाम चार बजे प्रस्तावित था लेकिन वे काफी विलम्ब से साढ़े छह बजे सिकंदरपुर ही पहुंचे। वहां कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व बांसडीह विस क्षेत्र के नेता नीरज सिंह गुड्डू के नेतृत्व में स्वागत किया। यहां अपने संबोधन में शिवपाल सिंह ने कहा कि भाजपा पर हमला बोला। कहा कि चुनाव के समय सभी के खाते में 15-15 लाख देने तथा हर साल एक करोड़ बेरोजगारों को नौकरी देने का वादा करने वाली यह सरकार केवल धर्म परिवर्तन के नाम पर लोगों को बरगला रही है। कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए हमने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को छोटे दलों से तालमेल की सलाह दी है। जरूरत पड़ी तो हम प्रसपा का विलय करने को भी तैयार हैं। शिवपाल ने कहा कि सरकार बनी तो प्रदेश के लोगों को 300 यूनिट तक बिजली फ्री देंगे। डीजल, पेट्रोल व गैस के दाम भी कम किए जाएंगे। कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल करने के साथ ही बेरोजगारी भत्ता भी दिया जाएगा। युवाओं को रोजगार के लिए सरकारी स्तर से पांच-पांच लाख रुपये देंगे। Akhilesh Yadav Shivpal Yadav..///..not-only-alliance-with-akhilesh-yadav-shivpal-yadav-is-also-ready-to-merge-his-party-with-sp-328108
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^