नरेन्द्र मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय राजनेता और देश के मुकुट मणि: शर्मा
06-Jan-2022 08:50 PM 7979
उज्जैन, 06 जनवरी (AGENCY) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज यहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय राजनेता और भारत के मुकुटमणि हैं। देश की 135 करोड़ जनता का स्नेहाशीर्वाद और शुभकामनाएं उनके साथ हैं। प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर पंजाब की कांग्रेस सरकार द्वारा किये गये बरताव के विरोध में भाजपा द्वारा यहां महाकालेश्वर मंदिर में प्रधानमंत्री श्री मोदी के दीर्घायु जीवन की कामना के लिए महामृत्युंजय जप का अनुष्ठान किया गया। इसमें प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने सम्मिलित होकर महाकाल की पूजा अर्चना की और प्रधानमंत्री श्री के दीर्घायु जीवन की कामना की। महाकालेश्वर मंदिर में महामृत्युंजय जप अनुष्ठान के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार ने जो किया है, वह देश के संवैधानिक संघीय ढांचे पर गंभीर प्रहार है। पंजाब सरकार ने प्रधानमंत्री श्री मोदी और देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया है। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बहादुर सिंह सौंधिया, सांसद अनिल फिरोजिया, प्रदेश प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसौदिया सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी उपस्थित थीं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^