13-May-2022 08:25 PM
5366
चंडीगढ़,13 मई (AGENCY) पंजाब के मोहाली स्थित प्रदेश खुफिया पुलिस मुख्यालय पर नौ मई को ग्रेनेड हमले का मुख्य साजिशकर्ता कनाडा में बसा गिरोहबाज लखवीर सिंह लांडा है।
यह जानकारी आज पुलिस महानिदेशक वीके भावरा ने संवाददाता सम्मेलन में दी। उन्होंने बताया कि हमले की साजिश लांडा ने पाकिस्तान की आईएसआई के करीबी हरविंदर सिंह रिंदा के साथ मिलकर रची थी। उन्होंने बताया कि घटना बब्बर खालसा इंटरनेशनल और गिरोहबाजों ने मिलकर की है और उन्हें आईएसआई की मदद हासिल थी।
उन्होंने कहा कि हमले की जांच काउंटर इंटेलिजेंस ने की और हमले के पीछे सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उन्होंने बताया कि हमले में पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और बाकी तीन, जो हमले में सीधे तौर पर शामिल थे, को भी जल्दी गिरफ्तार किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों में जगदीप कांग, कंवर बाथ, बलजीत कौर, आनंद दीप सोनू और बलजिंदर सिंह रैंबो शामिल हैं। इनमें जगदीप कांग को छोड़कर सभी तरण तारण से हैं। कांग मोहाली से बताया जाता है और आरोप है कि हमलावर उसके साथ रुके थे। कांग ने ही चढ़त सिंह के साथ मिलकर रेकी की थी।
एक सवाल कि खुफिया पुलिस मुख्यालय को निशाना बनाने का क्या कारण था, के जवाब में पुलिस महानिदेशक ने कहा कि पुलिस व सैन्य ठिकाने आतंकियों के निशाने पर होते ही हैं।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि लांडा, जो मूल रूप से तरण तारण से है और 2017 में कनाडा में जा बसा, तरण तारण के ही निशान सिंह से संपर्क में था। निशान सिंह को दो दिन पहले किसी और मामले में फरीदकोट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक और आरोपी है चढ़त सिंह, जो तरण तारण से है।...////...