09-Mar-2024 08:36 PM
4946
रायपुर 09 मार्च(संवाददाता)पंजाब में किसानों के चल रहे आन्दोलन के बीच रक्षा मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने कहा हैं कि मोदी सरकार किसानों को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित भावना से काम कर रही हैं।
श्री सिंह ने आज यहां भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा द्वारा आहूत किसान महासम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसान भाइयों के लिए लगातार काम हो रहे हैं,और आज हालात पूरी तरह से बदलते जा रहे हैं।श्री मोदी ने जिस प्रकार से योजनाएं बनाई हैं, उसके चलते हिंदुस्तान की 25 करोड़ जनता गरीबी रेखा से बाहर आ गई है। भारत के इतिहास में आज तक ऐसा पहले कभी नहीं हुआ है।उन्होने कहा कि एक बार फिर मोदी सरकार बनाएं, एक भी व्यक्ति गरीबी रेखा के नीचे नहीं रहेगा।
उन्होने छत्तीसगढ़ की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही यहां पर 100 दिन में ही, जो विकास पटरी से उतर चुका था, वह फिर से पटरी पर लौट आया है।उन्होने कहा कि पिछले पांच वर्षों में कांग्रेस शासनकाल में यहां विकास के काम पूरी तरह से ठप हो गया था।भ्रष्टाचार और घोटाले का बोलबाला था।उन्होने कहा कि राज्य को भाजपा ने बनाया था और उसे संवारने का सामर्थ्य भाजपा में ही है।
श्री सिंह ने कहा कि हिंदुस्तान में छत्तीसगढ़ को किसानों का गढ़ माना जाता है। छत्तीसगढ़ का भाग्य हमें बनाना है तो हमें किसानों के भाग्य को बनाना पड़ेगा, तब जाकर छत्तीसगढ़ विकास की ऊँचाइयों को छू पाएगा।श्री सिंह ने कहा कि देशभर में भाजपा की सरकार ने 23 करोड़ से ज्यादा सॉइल हेल्थ कार्ड किसानों को दिए हैं। किसान सम्मान निधि के तहत 6 हजार रूपए प्रतिवर्ष देने का काम भाजपा की सरकार ही कर रही है।देश की महंगाई को रोकने का काम किसान भाइयों के खाद और बीज की कीमतों में कमी करने का काम मोदी सरकार ने किया है।उन्होने कहा कि जहां सारी उम्मीद खत्म हो जाती है, वहां से मोदी की गारंटी का सिलसिला शुरू होता है। देश के किसानों को 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त में मिलेगी। आपने डबल इंजन की सरकार बना दी है। जितने वादे हमने किए हैं उन सभी वादों को हम जल्द से जल्द पूरा करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भाजपा किसानों की पार्टी है और भाजपा हमेशा किसानों के हित में फैसला लेने वाली पार्टी है। देश में कई वर्षों से कांग्रेस की सरकार रही है, लेकिन कांग्रेस ने कभी किसानों के हित के लिए कोई काम नहीं किया।श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रधानमंत्री बनते ही किसानों के हित के लिए फैसले लिए। किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषक योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों को उन्नत करने का काम वाजपेयी सरकार ने किया जिसे आगे बढ़ते हुए प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार कर रही है।
उन्होने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बने अभी ढाई महीने ही हुए हैं, इन ढाई महीनों में भाजपा की प्रदेश सरकार ने मोदी की गारंटी की बड़ी-बड़ी घोषणाओं को पूरा करना प्रारंभ कर दिया है 14 दिसंबर को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लंबित आवासों को बनाने की स्वीकृति दे दी है, 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के दिन प्रदेश के 12 लाख किसानों को पिछले 2 वर्षों के धान का बकाया बोनस का भुगतान भी कर दिया है। इस वर्ष प्रदेश के किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर से की गई है। किसानों को धान के अंतर की राशि 12 मार्च को दी जाएगी। प्रदेश के 24.72 लाख किसानों के खातों में धान के अंतर की राशि दे दी जाएगी। महतारी वंदन योजना का शुभारंभ भी कल 10 मार्च को होने वाला है जिसके तहत छत्तीसगढ़ की 70.14 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रूपए भाजपा की सरकार अपनी घोषणा के अनुरूप देने जा रही है। कार्यक्रम को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने भी सम्बोधित किया।...////...