मोदी ने मुंबई नौका दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया, पीएमएनआरएफ से अनुग्रह राशि की घोषणा की
19-Dec-2024 12:24 AM 2414
नयी दिल्ली, 18 दिसंबर (संवाददाता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को मुंबई नौका दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में इस दुर्घटना में मृत व्यक्तियों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने कहा है कि वहां का प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने नाव दुर्घटना में प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 -2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। घायलों को 50 -50 हजार रुपये दिये जायेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस दुर्घटना में लोगों के मारे जाने पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में घायल लोगों को हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति शोक और संवेदना प्रकट की। इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने दुर्घटना में मारे गये लोगों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रूपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि आज मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया के समीप रायगढ़ तट के पास अरब सागर में समुद्री परीक्षण के लिए निकली भारतीय नौसेना की एक स्पीडबोट अचानक यात्री नौका ‘नीलकमल’ से टकरा गई जिसमें 13 लोगों की मौत हो गयी जबकि 108 अन्य लोगों को बचा लिया गया। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^