मोदी ने की छतरपुर जिले की प्रशंसा
22-Jan-2022 05:26 PM 8887
भोपाल, 22 जनवरी (AGENCY) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन के अनुरूप लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए कृतसंकल्पित है। श्री चौहान प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा 112 आकांक्षी जिलों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये संवाद में हैदराबाद से सम्मिलित हुए। उन्होंने कहा कि आकांक्षी जिलों के लिए प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन अत्यंत प्रेरक और उपयोगी है। उन्होंने पिछड़े एवं वंचित इलाकों को आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर विकास के मार्ग पर साथ लाने के लिए प्रधानमंत्री का आभार माना है। श्री मोदी ने संवाद के जरिये जिलाधिकारियों और संभाग आयुक्तों को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि छतरपुर में गर्भवती महिलाओं का पंजीयन 37 से 97 प्रतिशत हो गया। यह बड़ी उपलब्धि है। यह उपलब्धि कैसे प्राप्त की गई, यह दूसरे जिलों के लिए सीखने का विषय है। प्रशासनिक व्यवस्था के लिए यह एक नए सबक के समान है। प्रधानमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों से जिलों में सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की प्रगति और वर्तमान स्थिति के बारे में फीडबैक लिया। श्री मोदी द्वारा विभिन्न शासकीय योजनाओं का जन-भागीदारी के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारियों को प्रोत्साहित किया गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में अधिकतर योजनाएं जन-भागीदारी के माध्यम से क्रियान्वित की जा रही हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^