मोदी ने बोलीविया और उरुग्वे के राष्ट्रपतियों के साथ द्विपक्षीय बैठक की
08-Jul-2025 12:03 AM 7681
रियो डी जेनेरियो/नयी दिल्ली 07 जुलाई (संवाददाता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार शाम यहां रियो डी जेनेरियो में बोलीविया और उरुग्वे के राष्ट्रपतियों के साथ अलग अलग बैठकों में द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की। मुलाकातों के बाद श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ब्रिक्स सम्मेलन से इतर बोलीविया के राष्ट्रपति लुइस अल्बर्टो आर्से कैटाकोरा के साथ उपयोगी बैठक हुई। बोलीविया लैटिन अमेरिका में एक महत्वपूर्ण साझेदार है और हाल के वर्षों में हमारे द्विपक्षीय संबंध बहुत मजबूत हुए हैं। उन्होंने कहा,“ हमने प्राथमिकता के आधार पर व्यापार संबंधों में सुधार और विविधता लाने की आवश्यकता के बारे में बात की। हमने चर्चा की कि हम डिजिटल प्रौद्योगिकी, महत्वपूर्ण खनिजों, स्वास्थ्य सेवा, अंतरिक्ष और अन्य क्षेत्रों में कैसे सहयोग कर सकते हैं। बोलीविया की स्वतंत्रता के 200 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर अपनी शुभकामनाएं भी दीं। “ एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने उरुग्वे के राष्ट्रपति के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा,“ उरुग्वे के राष्ट्रपति यामांडू ओरसी से मिलकर खुशी हुई। हमारे देशों के बीच घनिष्ठ संबंध वैश्विक दक्षिण के लिए महत्वपूर्ण हैं।“ उन्होंने कहा कि भारत उरुग्वे के साथ संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने को प्रतिबद्ध है। इस संदर्भ में व्यापार, रसायन, फार्मास्यूटिकल्स, प्रौद्योगिकी, रक्षा और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के उपायों पर बात हुई। उन्होंने कहा कि उरुग्वे में योग की बढ़ती लोकप्रियता लोगों से लोगों के बीच संबंधों को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण है। उल्लेखनीय है कि श्री मोदी ने पांच देशों की यात्रा के चौथे चरण में ब्राजील में 17 वें ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लिया है। इस सम्मेलन के बाद उनका ब्राजील के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता का कार्यक्रम निर्धारित है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^