09-Jul-2025 07:40 PM
8730
विंडहोक /नयी दिल्ली 09 जुलाई (संवाददाता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को नामीबिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ़ द मोस्ट एन्शिएंट वेल्वित्शिया मिराबिलिस’ से सम्मानित किया गया है।
नामीबिया की राष्ट्रपति डॉ. नेटुम्बो नंदी-नदैतवा ने बुधवार को यहां श्री मोदी के साथ वार्ता के बाद उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
‘ऑर्डर ऑफ़ द मोस्ट एन्शिएंट वेल्वित्शिया मिराबिलिस’ नामीबिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है।
डॉ. नेटुम्बो ने पुरस्कार प्रदान करने से पहले कहा , “ नामीबियाई संविधान द्वारा मुझे प्रदत्त शक्ति के द्वारा मुझे भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एन्शियेंट वेल्वित्चिया मिराबिलिस प्रदान करने का सम्मान प्राप्त हुआ है, जिन्होंने नामीबिया और विश्व स्तर पर सामाजिक-आर्थिक विकास तथा शांति और न्याय को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।”
श्री मोदी ने सम्मानित किये जाने के बाद कहा, “ वेल्वित्स्चिया मिराबिलिस से सम्मानित होना मेरे लिए अत्यंत गौरव और सम्मान की बात है। मैं राष्ट्रपति, नामीबिया सरकार और नामीबिया की जनता के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ। मैं 140 करोड़ भारतीयों की ओर से इस सम्मान को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करता हूँ।”
इस पुरस्कार की स्थापना 1990 में नामीबिया की स्वतंत्रता के तुरंत बाद 1995 में की गयी थी। यह सम्मान विशिष्ट सेवा और नेतृत्व के लिए दिया जाता है।
इस पुरस्कार का नाम नामीबिया में पाए जाने वाले एक अनोखे और प्राचीन रेगिस्तानी पौधे वेल्वित्शिया मिराबिलिस के नाम पर रखा गया है। यह पुरस्कार नामीबियाई लोगों के लचीलेपन, दीर्घायु और स्थायी भावना का प्रतीक है।
यह प्रधानमंत्री मोदी को विदेश में दिया गया 27वाँ और इस दौरे का चौथा पुरस्कार है।...////...