मेयर की 17 में से नौ सीटें होंगी आरक्षित
05-Dec-2022 11:26 PM 7556
लखनऊ, 05 दिसंबर (संवाददाता) उत्तर प्रदेश में आगामी नगर निकाय चुनाव में मेयर की 17 सीटों में से नौ सीटें अनुसूचित जाति (एससी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और महिला वर्ग के लिये आरक्षित की गयी हैं। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा “ आगरा और झांसी में महापौर का पद एससी वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। इसमें से आगरा एससी वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। इसी तरह मथुरा-वृंदावन, अलीगढ़, मेरठ, प्रयागराज समेत चार मेयर के पद ओबीसी के लिए आरक्षित किए गए हैं। मथुरा-वृंदावन और अलीगढ़ ओबीसी वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।” उन्होंने कहा कि अयोध्या, सहारनपुर और मुरादाबाद समेत तीन पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। उन्होंने कहा, “लखनऊ, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, बरेली और शाहजहांपुर सहित नौ पदों को सामान्य श्रेणी में रखा गया है।” श्री शर्मा ने कहा कि वर्तमान में राज्य में 762 शहरी स्थानीय निकाय हैं, जिनमें 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका परिषद और 545 नगर पंचायत शामिल हैं, जिनकी कुल आबादी 4.85 करोड़ है, जो 2017 के स्थानीय निकाय चुनावों की तुलना में 70 लाख अधिक है। उन्होंने कहा, “ नगर पालिका परिषदों में अध्यक्षों के 200 पदों में से 27 पद एससी वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं। इसमें नौ पद एससी वर्ग की महिलाओं के लिए हैं। 54 पद ओबीसी के लिए आरक्षित किए गए हैं, जिनमें 18 महिलाओं के लिए हैं। मंत्री ने बताया कि राज्य की 545 नगर पंचायतों में 73 पद अनुसूचित जाति, एक अनुसूचित जनजाति (एसटी), 147 अन्य पिछड़ा वर्ग, 107 महिलाओं और 217 पदों को सामान्य श्रेणी में रखा गया है। उन्होंने कहा कि महराजगंज जिले के सिसवा बाजार और बस्ती जिले के भानपुर नगर पंचायत का मामला उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय में लंबित होने के कारण इन दोनों स्थानीय निकायों में आरक्षण पर रोक लगा दी गई है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^